Watch Video : अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुबई से आई इंडिगो की फ्लाइट 6E-1478 से करीब 4.27 करोड़ रुपये का सोना बरामद किया. 12 जून 2026 को फ्लाइट की जांच के दौरान कस्टम टीम ने विमान इंजीनियरों की मदद से आगे वाले शौचालय (टॉयलेट) के स्पीकर बॉक्स में काले टेप से लिपटे दो संदिग्ध पैकेट पाए. जब इन्हें खोला गया तो अंदर 24 विदेशी सोने के बिस्किट मिले. इनकी शुद्धता 999.0 यानी 24 कैरेट थी और कुल वजन 2,799.3 ग्राम निकला.
अधिकारियों के मुताबिक सोने को बेहद चालाकी से छिपाया गया था, जिससे साफ है कि इसे अवैध तरीके से भारत में तस्करी कर लाने की कोशिश की जा रही थी. हालांकि जांच के दौरान कोई भी व्यक्ति इस सोने पर अपना दावा करने सामने नहीं आया. इसके बाद कस्टम विभाग ने पूरे सोने को लावारिस मानते हुए कस्टम एक्ट 1962 के तहत जब्त कर लिया. मामले की आगे जांच जारी है. मामले का वीडियो सामने आया है जिसे न्यूज एजेंसी एएनआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी किया है. आप भी देखें ये वीडियो.
