Congress: ने शुरू किया 100 दिवसीय संविधान रक्षक अभियान

कांग्रेस संविधान रक्षक अभियान को पूरे देश में आयोजित करेगी. जिसके तहत गांव स्तर पर संविधान रक्षक जुड़ी समिति बनायी जायेगी. हर गांव में दो संविधान रक्षक चुने जायेंगे, जिन्हें मास्टर ट्रेनर बनाया जायेगा. गांव के स्तर पर कई कार्यक्रम कराये जायेंगे, जहां संविधान पर चर्चा होगी. इस अभियान का समापन 26 नवंबर, 2024 को तालकटोरा स्टेडियम में होगा.

Congress: देश के संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार को संविधान रक्षक अभियान के दिल्ली अध्याय की शुरुआत की. 100 दिवसीय यह अभियान 26 नवंबर, 2024 तक चलेगा.अभियान का मकसद गांव स्तर पर संविधान रक्षक जुड़ी समिति बनाना, हर गांव में दो संविधान रक्षक का चुनाव करना और गांव के स्तर पर विभिन्न तरह के कार्यक्रम का आयोजन करना जिसमें संविधान पर चर्चा हो. इस कार्यक्रम के तहत कांग्रेस देश भर में यह संदेश देना चाहती है कि वह संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रही है. अभियान की शुरुआत करते हुए कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन,  कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष राजेश लिलोठिया और दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव भी मौजूद थे. कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कहा, संविधान रक्षक अभियान को पूरे देश में चलाया जायेगा. अब तक पूरे देश में तीन लाख संविधान रक्षक बन चुके हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और उन्होंने खुद भी संविधान रक्षक स्वयंसेवक के रूप में नामांकन कराया है. इसी अभियान के तहत आने वाले 100 दिनों में दिल्ली की 70 विधानसभाओं में इसे लेकर जाने की योजना है.

संविधान के लिये चुनौतियां और खतरे अभी भी कायम

माकन ने कहा, संविधान के लिए चुनौतियां और खतरे अभी भी कायम हैं..हमें अपनी जान देकर भी संविधान की रक्षा करनी है. माकन ने कहा, जब राहुल गांधी चुनाव में संविधान की प्रति दिखाते थे, तब उसके दो मकसद थे. पहला कि हम इस संविधान की रक्षा करेंगे. दूसरा कि यह संविधान हमारे देश के लोकतंत्र की रक्षा करता है. यही संदेश लिए राहुल गांधी बैठकों में जाते थे और इस संविधान को आगे रखकर अपनी बात किया करते थे.
अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने कहा कि संविधान पर लगातार खतरा मंडरा रहा है. संविधान रक्षक अभियान पूरे देश में आयोजित होने जा रहा है. हम इस अभियान के तहत गांव के स्तर पर संविधान रक्षक से जुड़ी समिति बनाने जा रहे हैं. हम हर गांव से दो संविधान रक्षक चुनेंगे, जिन्हें मास्टर ट्रेनर बनाया जायेगा. इसके साथ ही हम गांव के स्तर पर कई कार्यक्रम करवायेंगे, जहां संविधान पर चर्चा की जायेगी. इस अभियान का समापन 26 नवंबर, 2024 को तालकटोरा स्टेडियम में किया जायेगा. इस दिन संविधान को अपनाये जाने के 75 साल भी पूरे होंगे. वहीं दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, आज देश में जो माहौल है, उसमें बहुत जरूरी है कि हम सभी संविधान रक्षक के रूप में आगे आयें. पिछले कुछ समय से देश के संविधान पर हमला किया जा रहा है, जिससे लोगों को उनका हक न मिले. कांग्रेस पूरे देश में संविधान रक्षक अभियान चलाने जा रही है, ताकि लोगों के साथ किए जा रहे अन्याय को खत्म किया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >