Video : पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) एस.एस. भदौरिया ने बताया कि यह हादसा देर रात करीब 1:30 बजे चोटिला-राजकोट हाईवे पर सांगानी गांव के पास हुआ. एक प्राइवेट लग्जरी बस अहमदाबाद से राजकोट जा रही थी, तभी आगे चल रहे डामर से भरे टैंकर से टकरा गई. टक्कर के तुरंत बाद बस में भीषण आग लग गई. बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से कई को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन हादसा काफी भयानक था.
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि निजी बस और डामर से भरे टैंकर की टक्कर में चार यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक करीब 10 लोग झुलस गए हैं. घायलों को इलाज के लिए राजकोट सिविल अस्पताल भेजा गया, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए चोटिला अस्पताल ले जाया गया. सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
