मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में नदी में डूबने से तीन बालिकाओं की मौत, एक युवती की बची जान
मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के ग्राम मायापुर में शनिवार सुबह एक नदी में नहाने गईं तीन बालिकाओं की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवती को बचा लिया गया है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीएल कुर्वे ने बताया कि मृतकों की पहचान रीना बैरवा (13), उसकी चचेरी बहन रानी बैरवा (10) और ललिता बैरवा (14) के रूप में की गई है, जबकि रीना की बड़ी बहन आरती बैरवा (21) को वहां मौजूद ग्रामीण ने बचा लिया. उन्होंने कहा कि शुक्रवार रात इलाके में अधिक बारिश होने के कारण शनिवार सुबह सीप नदी का जलस्तर बढ़ रहा था. कुर्वे ने बताया कि शनिवार सुबह को मायापुर गांव की रहने वाली ये चारों चचेरी बहनें जब नहाने के लिए इस नदी में गई, तब भी नदी का जलस्तर बढ़ रहा था जिसे बालिकाएं समझ नहीं पाई. वे नदी में नहाने के लिए गहरे पानी में उतर गई। उन्होंने कहा कि इस दौरान नदी में पानी लगातार बढ़ने लगा, जिसके चलते इन चारों ने एक दूसरे के हाथ पकड़ लिए, लेकिन तेज बहाव होने के चलते वे चारों बहने लगीं.