नयी दिल्ली : केंद्र ने उत्तर प्रदेश में बलात्कार और हत्या की घटनाओं को लेकर आज चिन्ता का इजहार करते हुए अखिलेश यादव सरकार से कहा कि वह राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति सुधारने के लिए त्वरित कार्रवाई करे.गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजु ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के उस बयान की आलोचना की, जिसमें आरोप लगाया गया है कि मीडिया उत्तर प्रदेश में हो रहे ऐसे मामलों को उठा रहा है लेकिन अन्य राज्यों में हो रहे ऐसे ही मामलों की अनदेखी कर रहा है.
उन्होंने अखिलेश को सलाह दी कि इस तरह की शर्मनाक घटनाओं को उनकी संख्या के आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए. रिजिजु ने कहा कि देश के किसी भी हिस्से में होने वाली कोई भी घटना हम सभी के लिए चिन्ता की बात होती है. पिछले कुछ दिन में जो हालात उत्तर प्रदेश में हमने देखे. वह निश्चित तौर पर हम सभी के लिए विशेषकर गृह मंत्रालय के लिए चिन्ता की बात है.
उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि हम उत्तर प्रदेश सरकार से उम्मीद करते हैं कि वह इस तरह के गंभीर और जघन्य अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करेगी. उनसे उत्तर प्रदेश में महिलाओं पर अपराधों से जुडी लगातार हुई कई घटनाओं के बारे में सवाल किये गये थे.यह पूछने पर कि क्या केंद्र राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग पर विचार करेगा, रिजिजु ने कहा कि राष्ट्रपति शासन और ऐसे सभी मुद्दे एक बडा आयाम हैं, जिस पर ‘‘मैं टिप्पणी नहीं कर सकता.’’ अखिलेश सरकार को कडा संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जो हालात हम देख रहे हैं, उनसे राज्य सरकार को अवश्य निपटना चाहिए.
उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है कि हम अपनी ओर से कार्रवाई कर सकते हैं क्योंकि हमें राज्य की एजेंसियों में विश्वास रखना होगा. गृह मंत्रालय की जहां तक बात है तो उम्मीद यही की जाती है कि कार्रवाई तेजी से हो.
