– कहा सड़क निर्माण में भारी अनियमितता बरती जा रही है हसनगंज प्रखंड स्थित कालसर पंचायत के रामपुर कोशपाली तिनगछिया गांव में मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना का घटक के तहत ग्रामीण सड़क शुद्धिकरण प्रबंधन कार्यक्रम तहत लगभग 29 लाख की लागत राशि से हरखा पोखर से तीगछिया गांव जाने वाली पक्की सड़क का शुद्धिकरण कार्य किया जा रहा है. घटिया सामग्री का उपयोग व नियमों को ताख पर रख हो रहे सड़क निर्माण कार्य के विरोध में ग्रामीणों ने गुरुवार की दोपहर लगभग 12 बजे विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने स्पष्ट तौर पर कहा की मिट्टी युक्त घटिया गिट्टी जो कभी सड़क निर्माण में देखा नहीं उसका उपयोग किया जा रहा है. भूटान की पत्थर वाली गिट्टी से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है जो नियम विरुद्ध है. मौके पर दीपक कुमार पटेल, गोविंद कुमार मंडल सहित दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि हरखा पोखर से तीनगछिया गांव जाने वाली पक्की सड़क का चौड़ीकरण कार्य किया जा रहा है. जिसमें पूर्व से ग्राम पंचायत द्वारा 10 फीट या कहीं कहीं 08 या 09 फीट का पक्की सड़क निर्माण किया हुआ है. सड़क के दोनों साइड एक फिट 2 इंच बढ़ाया जा रहा है. यानी कुल 12 फीट 4 इंच चौड़ा व 4 इंच खड़ा सड़क बनना है. सड़क चौड़ीकरण कार्य में संवेदक द्वारा घोर लापरवाही बरती जा रही है. नियमों को ताख पर घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है. साथ ही 4 इंच की जगह 3 इंच ही ढलाई किया जा रहा है. सबसे बड़ी बात है मिट्टी युक्त घटिया गिट्टी का प्रयोग किया जा रहा है. ग्रामीणों ने घटिया सामग्री को बदलकर अच्छी व गुणवत्तापूर्ण सामग्री से सड़क निर्माण की मांग करते हुए जमकर प्रदर्शन किया. कनीय अभियंता विकास कुमार ने बताया कि अभिलंब कार्य में सुधार किया जायेगा. घटिया सामग्री को बदलकर अच्छी गुणवत्तापूर्ण सामग्री द्वारा सड़क का निर्माण कराया जायेगा. जहां भी त्रुटि है उसे सुधार किया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
