Giridih News :तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से छात्र की मौत, रोड जाम

Giridih News :जिले के नवडीहा ओपी थाना क्षेत्र के हारोडीह के 23 वर्षीय त्रिदेव कुमार वर्मा की मौत बुधवार को सड़क हादसे में हो गयी. हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह स्थित बैंक ऑफ इंडिया के पास हुआ. शंकर महतो का पुत्र त्रिदेव सिहोडीह के पास एक किराये के मकान में रहकर प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा था.

प्रतिदिन की तरह बुधवार को त्रिदेव बैंक ऑफ इंडिया भवन के ऊपर संचालित लाइब्रेरी में पढ़ाई करने जा रहा था. इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. गंभीर रूप से घायल त्रिदेव को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. परिजनों के पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया. इधर, घटना की जानकारी मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस पहुंची और सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगालने में जुट गयी है, ताकि हादसे का कारण व वाहन की पहचान हो सके. ट्रक चालक को गिरफ्तार करने की मांग युवक को मृत घोषित करने के बाद आक्रोशित हुए परिजन और छात्रों ने गिरिडीह-बेंगाबाद मुख्य मार्ग को बरगंडा चौक के पास जाम कर दिया. वे आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तार की मांग करने लगे. सूचना पर नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो समेत कई पुलिस अधिकारी व जवान पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत करवाने का प्रयास करने लगे. इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गयी. जानकारी मिलने पर सीओ मनोज प्रसाद मौके पर पहुंचे और लोगों को मुआवजा व चालक की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया. इसके बाद लोगों शांत हुए और जमा हटाया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. प्राथमिकी दर्ज कर की जाएगी कार्रवाई : थाना प्रभारी : मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया की घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया था. पीड़ित परिवार से आवेदन मिला है. इसके आधार प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >