प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लोक कल्याण मेला आयोजित – 15 से 50 हजार तक का ऋण कराया जायेगे उपलब्ध – विक्रेताओं को प्रशिक्षण भी दिया जायेगा प्रतिनिधि. गढ़वा गढ़वा. प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नगर परिषद गढ़वा द्वारा बुधवार को घंटाघर रंका मोड़ पर लोक कल्याण मेला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहर के पथ विक्रेताओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है. इस योजना के अंतर्गत पथ विक्रेताओं को सात प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर 15 हजार से 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जायेगा. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए पथ विक्रेताओं को प्रशिक्षण और प्रोत्साहन राशि दी जायेगी. खाद्य पदार्थों के विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा का प्रशिक्षण देकर प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जायेगा. उन्होंने बताया कि योजना से जुड़ने पर विक्रेताओं को पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम श्रम मानधन योजना, जननी सुरक्षा योजना, पीएम मातृत्व वंदना योजना, वन नेशन-वन राशन कार्ड, पीएम जनधन योजना तथा क्रेडिट कार्ड योजना जैसी कई सुविधाओं का लाभ मिलेगा. कार्यक्रम में नगर मिशन प्रबंधन कौशल कुमार ठाकुर, कनिष्ठ अभियंता संदीप कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष के पूर्व प्रतिनिधि संतोष केसरी सहित अनिमा मिश्रा, सुनीता कुमारी, सीमा कुमारी, अनिता देवी, कंचन कुमारी, निर्खत परवीन, किरण कुमारी और कर्ण कुमार आदि उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
