हसनपुर .थाना क्षेत्र के पिरोना में बुधवार की रात हुई दुकानदार सुरेंद्र कुमार की हत्या के विरोध में गुरुवार को ग्रामीण सड़क पर उतर आये. आक्रोशित लोग घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग पर अड़े थे. बताते चलें कि घटना के बाद लोगों ने पुकार चौक को जाम कर दिया. इस कारण हसनपुर-बिथान मुख्य पथ पर यातायात बाधित हो गया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थानीय बुद्धिजीवियों की मदद से शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेजा. इसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ. इस दौरान मृत सुरेंद्र की मां ने पुलिस को काफी खड़ी खोटी सुनायी. घटना के संबंध में स्थानीय स्तर पर हो रही चर्चा के मुताबिक डेढ़ कट्ठा जमीन के कारण सुरेंद्र की हत्या की गयी है. बताया जाता है कि सुरेंद्र गांव के ही किसी को जमीन के बदले पैसे दिये थे. उसका पैसा भी नहीं लौटाया जा रहा था. न ही जमीन रजिस्ट्री की जा रही थी. इसको लेकर पूर्व में भी विवाद होने की बात बतायी गयी है. मृत युवक मिलनसार स्वभाव का था. जीविका में बुक कीपर के पद पर भी कार्यरत था. घटना के बाद से परिजन मर्माहत हैं. उनके चीत्कार से माहौल गमगीन है. थानाध्यक्ष अकमल खुर्शीद ने बताया कि पुलिस मामले की वैज्ञानिक अनुसंधान कर अपराधी की अविलंब गिरफ्तारी करेगी. दोषी को बक्सा नहीं जायेगा.
2016 में हुई थी शादी
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरेंद्र की शादी 2016 में बेगूसराय जिले के खोदाबन्दपुर थाना क्षेत्र के मलमल्ला गांव निवासी रामसेवक महतो की पुत्री प्रतिभा कुमारी से हुई थी. उसके यश व सारांश दो बच्चे हैं. लोग दूध मुंहे बच्चों को देखकर मायूस थे.बेखौफ अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
बताते चलें कि पिरोना वार्ड 3 के स्व. अंदू महतो के 30 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र कुमार की हत्या बेखौफ अपराधियों ने बुधवार को उस समय कर दी जब वह अपने जेनरल स्टोर एवं ऑनलाइन सेंटर का शटर बंद कर रहा था. अचानक अपराधियों ने हमला कर दिया. उसकी पीठ व गर्दन में गोली मारने की चर्चा है.डीएसपी ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे. घटना स्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने अपराधी की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
