गढ़वा. सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने शुक्रवार की सुबह बेलचंपा में दानरो नदी किनारे छापेमारी की. एसडीएम की गाड़ी आते ही दोनों ट्रैक्टर नदी से तेजी से भागने लगे. कुम्हार टोली में घिरने पर उन्होंने बालू लदी ट्रॉली पलटकर भागने की कोशिश की. इसमें एक महिंद्रा ट्रैक्टर खाली ट्रॉली सहित भागने में सफल रहा, जबकि दूसरा चालक आधी पलटी ट्रॉली वहीं छोड़कर ट्रैक्टर के साथ भाग निकला. स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि दोनों ट्रैक्टर क्रमशः मुकेश पासवान और राजन साव के हैं. पलटी हुई बालू का जिम्मा स्थानीय चौकीदार बृजकिशोर पासवान को सौंपते हुए एसडीएम ने सदर अंचल अधिकारी और खनन पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई और क्षेत्र में सख्त निगरानी का निर्देश दिया. इस मामले में मुकेश पासवान (पिता – बृज किशोर पासवान) और राजन साव (पिता – गोपाल साव), दोनों बेलचंपा निवासी, के विरुद्ध धारा 126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
