बेतिया. नवरात्र का आज चौथा दिन है. घर से लेकर मंदिरों और पंडालों तक पर्व की तैयारियां और उसकी रौनक झलकने लगी है. शहर के मंदिरों में जहां मनमोहक सजावट की गई है. प्रतिदिन सुबह शाम आरती हो रही है. तो वही पंडालों में तैयारियां भी अंतिम चरणों में हैं. कलाकार प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं. पूजा समिति के सदस्य दिन रात एक कर तैयारियों में जुटे हैं. कहीं से कोई कमी न रह जाये, इस बात का पूरा ध्यान रखा जा रहा है. पंडाल, लाइटिंग, साउण्ड, प्रसाद तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पूजा समितियों द्वारा प्रतिदिन बैठक कर रणनीति तैयार की जा रही है. यूं तो शहर में लगभग दर्जन भर जगहों पर पूजा पंडाल स्थापित किए जाते हैं. आज विशेष खबर शहर के घसियारपट्टी रामलीला मैदान, कालीबाग, कोतवाली चौक स्थित पंडाल की. घसियारपट्टी में जमीन से निकलेंगी मां दुर्गा नगर का घसियारपट्टी रामलीला मैदान स्थित पूजा पंडाल हर वर्ष सांप्रदायिक सद्भाव का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करता है. अध्यक्ष राजन कुमार सोनी ने बताया कि श्री दुर्गा पूजा समिति रामलीला मैदान के बैनर तले विगत 49 वर्षों से प्रतिमा स्थापित की जाती है. आयोजन का यह 50वां वर्ष है. इस वर्ष भी चलंत प्रतिमा स्थापित की जा रही है. समिति के मंत्री सह स्थानीय वार्ड नंबर 15 के पार्षद प्रतिनिधि अरमान अहमद ने बताया कि कोलकाता के कारीगरों द्वारा चलंत प्रतिमाओं का निमार्ण किया जा रहा है. स्थानीय विभिन्न संप्रदाय के लोगों का सहयोग है कि अभी ही लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं. समिति के विशेष सहयोगी पप्पू कुमार ने बताया कि झांकी के दौरान फाटक खुलने पर माता नीचे से प्रकट होंगी और भक्तों को दर्शन देंगी. कालीबाग में जलंघर का वध करेंगी मां काली नवयुवक संघ दुर्गा पूजा समिति कालीबाग के बैनर तले विगत दस पंद्रह वर्षों से यहां प्रतिमाओं को स्थापित किया जाता है. अध्यक्ष शशि कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय युवकों के सहयोग से विगत वर्षों से पंडाल निर्माण कार्य हो रहा है. इससे पूर्व 20 – 25 वर्षों तक वरीय लोगों द्वारा पंडाल स्थापित किया जाता रहा है. उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर के कारीगरों द्वारा चलंत प्रतिमा तैयार की जा रही है. जो भगवान शिव के अंश जलंधर पर आधारित है. जिसमें मां काली द्वारा जलंधर से युद्ध करते हुए उसका संहार करते हुए दिखाया जायेगा. कोतवाली चौक पंडाल में दिखेगा थावे मंदिर का स्वरूप विगत 55 वर्षों से प्रतिमा स्थापित किये जाने वाले कोतवाली चौक पर इस वर्ष भी चलंत प्रतिमा बनाई जा रही है. नवदुर्गा पूजा समिति कोतवाली चौक के बैनर तले निर्माणाधीन यह पंडाल थावे मंदिर की तर्ज़ पर बनाया जा रहा है. समिति के अध्यक्ष मनीष कुमार और पूर्व अध्यक्ष किशुन जायसवाल सहित अन्य सदस्यों की निगरानी में इसे तैयार किया जा रहा है. सदस्य मुक्तानंद मिश्रा ने बताया कि झांकी में माता रहसु भगत का माथा फाड़ कर प्रकट होंगी तथा राजा मनन सिंह को अपना चमत्कार दिखाएंगी. कामाख्या से चलकर थावे आयेंगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
