ललमटिया थाना क्षेत्र के लौहंडिया बाजार निवासी शोभा रानी (50 वर्ष) एवं शुभम आनंद (25 वर्ष) को पुलिस ने जानलेवा हमला एवं वाहन क्षतिग्रस्त करने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. थाना प्रभारी रोशन कुमार ने जानकारी दिया कि इन दोनों के खिलाफ रविंद्र कुमार भगत द्वारा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घरेलू बंटवारे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. रविंद्र कुमार भगत के अनुसार, उनका और उनके दो अन्य भाइयों का पारिवारिक बंटवारा हो चुका है, लेकिन आरोपित जबरन उनके भाइयों के घरों का ताला तोड़कर सामान निकाल ले गये. घटना मंगलवार देर शाम की है जब रविंद्र कुमार भगत अपनी गाड़ी (संख्या: बीआर 01 एचजी 8359) से जा रहे थे. ललमटिया ग्रामीण बैंक के पास उक्त दोनों आरोपितों ने उनकी गाड़ी रोक कर उसमें तोड़फोड़ की और जान से मारने की नीयत से उन पर हमला कर दिया. पुलिस ने इस मामले में आवेदक के बयान के आधार पर ललमटिया थाना कांड संख्या 76/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. तत्पश्चात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
