बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जायें. कहा कि पंडालों में समुचित प्रकाश व्यवस्था, इंट्री और एग्जिट के लिए अलग रास्ता, पार्किंग स्थल पंडाल से दूर और सीसीटीवी कैमरा लगाया जाये. इसके साथ ही ज्वलनशील पदार्थों पर कड़ी निगरानी रखने, पंडालों के पास लटकते बिजली तारों को दुरुस्त करने और साउंड सिस्टम में सीमित ध्वनि स्तर बनाये रखने की बात कही.
सभी पंडालों में जारी करें हेल्प डेस्क नंबर व कंट्रोल रूप बनायें : डीसी
डीसी ने कहा कि सभी पंडालों में हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम संचालित होंगे. यहां एंबुलेंस, अग्निशमन, संबंधित पदाधिकारी और पुलिस अधिकारियों के नंबर प्रदर्शित किये जायेंगे. उन्होंने संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया. बैठक के दौरान यह बात सामने आयी कि बिना सूचना दिये कई पदाधिकारी अनुपस्थित रहे. इस पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ऐसे अधिकारियों को नोटिस जारी किया जाये.जिले भर में तैनात किये जायेंगे पुलिस के अतिरिक्त जवान : एसपी
एसपी डॉ विमल कुमार ने कहा कि त्योहार के दौरान जिलेभर में सुरक्षा बल की तैनाती की जायेगी. सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक शीघ्र करने का निर्देश भी दिया गया. उन्होंने पूजा समितियों से आग्रह किया कि पंडालों में पानी, बालू और अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखें, ताकि आगजनी जैसी घटनाओं से निपटा जा सके. बैठक में उपस्थित समाज के गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन से बिजली, पानी, यातायात और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया. प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि दुर्गापूजा को शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे. मौके पर कार्यपालक विद्युत अभियंता मृणाल गौतम, उप नगर आयुक्त प्रशांत लायक समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
