खैरा . नवरात्र को लेकर खैरा स्थित ऐतिहासिक मां दुर्गा मंदिर परिसर में बुधवार देर शाम भक्ति जागरण का आयोजन किया गया. इस दौरान भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया. कार्यक्रम के दौरान भजन गायक हजारी पांडेय तथा गायिका स्नेहा सरगम ने अपनी प्रस्तुति से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना के साथ की गयी. हजारी पांडेय ने गणपति बप्पा मोर्या के साथ कार्यक्रम का आगाज किया. इसके बाद उन्होंने पारंपरिक देवी गीत जगदंबा घर में दियना बार अयनी हे से सबको भक्ति भाव से भर दिया. इस दौरान गायिका स्नेहा सरगम ने हे माई हो आवा घर हमरा तोहके बोलवली हे मईया जैसे हिंदी और भोजपुरी देवी गीत की प्रस्तुति दी. कार्यक्रम का अंत छठ गीत के साथ हुआ, जिसमें लोग भक्ति भाव में डूब गये. देर रात तक यह कार्यक्रम चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु डटे रहे. कार्यक्रम के दौरान कीबोर्ड पर राजेश, बैंजो पर राजा, ढोलक पर रत्नेश मिश्रा, तबला पर चंदन, पैड पर सोनू झा तथा ड्रम पर मनोज ने अपना सराहनीय योगदान दिया. इस से पहले कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई. सिकंदरा विधायक प्रफुल्ल मांझी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि शुक्रवार को कोलकाता से आ रही भजन गायिका दुर्गा बोस का कार्यक्रम होगा. इसके साथ ही 28 सितंबर को मशहूर भजन गायिका इंदु सोनाली और शिवेश मिश्रा अपनी प्रस्तुति देंगे. कार्यक्रम के उद्घाटन के मौके पर अमारी मुखिया शशिकला देवी सहित अन्य लोग मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
