झारखंड लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने वेतन और बोनस नहीं मिलने पर रोष जताते हुए कहा है कि जहां एक ओर राज्य सरकार ने अन्य सभी विभागों के कर्मचारियों को दुर्गापूजा से पहले ही अग्रिम वेतन दे दिया है, वहीं नगर निकाय के कर्मचारियों को उनका वेतन भी नहीं मिल पा रहा है. इसका मुख्य कारण कई नगर निकायों में फंड का अभाव बताया जा रहा है. कहा कि लगभग 60 प्रतिशत नगर निकायों में मजदूरों को वेतन नहीं मिलेगा.
समझौता होने पर भी नहीं मिल रहा लाभ
कर्मचारियों का कहना है कि दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों सहित निकाय कर्मियों और मजदूरों के लिए बोनस का प्रावधान है. इसके बावजूद उन्हें बोनस नहीं दिया जा रहा है. गिरिडीह में हुई सफाई आयोग की बैठक में भी यह तय हुआ था कि निकाय कर्मियों को साल में दो बार बोनस दिया जायेगा, लेकिन इस समझौते का पालन नहीं हो रहा है. कहा कि फेडरेशन की सबसे बड़ी मांग दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित करने की है. सरकार ने कई बार सहमति भी जतायी, लेकिन आज तक यह मांग पूरी नहीं हुई है. उन्होंने इन मांगों को लेकर आंदोलन करने की बात कही.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
