चंदवा़ स्थानीय खेल स्टेडियम परिसर में बुधवार को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की पहल पर दो दिनी खेलो झारखंड-2025 के प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता की शुरुआत की गयी. अतिथि बीइइओ अमरेंद्र कुमार पाठक, विधायक प्रतिनिधि आदर्श रविराज, मो इरशाद उर्फ मुन्ना व डीडीओ केदार महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर व फीता काटकर कार्यक्रम की शुरूआत की. इसके बाद अंडर-17 बालक-बालिका की सौ मीटर दौड़ शुरू की गयी. प्रतियोगिता के दौरान पहले दिन एथलेटिक्स की प्रतियोगिता हुई. सभी वर्गों में सौ मीटर, दो सौ मीटर, चार सौ मीटर, छह सौ मीटर व रिले रेस, कबड्डी, खोखो की प्रतियोगिता हुई. विजेता प्रतिभागियों को मेडल व शिल्ड देकर सम्मानित किया गया. अन्य प्रतियोगिताएं दूसरे दिन गुरुवार को आयोजित होगी. बीइइओ अमरेंद्र पाठक ने कहा कि खेलो झारखंड स्कूली स्तर पर ही विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करता है. ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में बौद्धिक व शारीरिक विकास भी होता है. बीआरपी प्रतिक कुमार सिन्हा व बीपीओ सुबोध कुमार चंदेल ने बताया कि प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करनेवाले सभी प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे. संचालन पारा शिक्षक बेलाल अहमद कर रहे थे. मौके पर शिक्षिका प्रियंका कुमारी, अनुराधा सिंह, उदयचरण भारती, चंद्रमन राम, नंदलाल प्रसाद उर्फ मंटू समेत अन्य शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
