पूजा पंडालों में सीसीटीवी लगाना अनिवार्य

जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में डीसी अधिकारियों को दिये निर्देश, कहा

जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में डीसी अधिकारियों को दिये निर्देश, कहा

प्रतिनिधि, मेदिनीनगर

पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति टाउन हॉल में दुर्गा पूजा को लेकर बुधवार को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक डीसी समीरा एस की अध्यक्षता में हुई. बैठक में जिले के विभिन्न पूजा कमेटी, प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे. डीसी ने कहा कि सभी पूजा पंडालो में सीसीटीवी लगाना अनिवार्य है. सेफ्टी के सभी पैरामिटर्स का ख्याल रखने का निर्देश दिया. बड़े पूजा पंडालो में गुणवत्तापूर्ण वायरिंग कराने का निर्देश दिया. कहा कि बारिश के दिनों में शार्ट सर्किट की संभावना रहती है. पंडालों में अग्नि-शामक यंत्र के साथ-साथ पानी व बालू की व्यवस्था व साफ-सफाई, रोड, ट्रैफिक और लाइट को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि चैनपुर रोड को दुरुस्त किया जा रहा है, बिजली एवं साफ-सफाई को लेकर बैठक में मौजूद बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता व नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त को निर्देश दिया गया.

सभी पंडालों में पर्याप्त दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जायेगी. उन्होंने कहा कि पंडालों में साफ-सफाई निगम प्रशासन द्वारा तो कराया जायेगा, लेकिन साफ-सफाई रखना प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है. जहां प्रतिमा विसर्जन होगा. वहां स्थानीय गोताखोर की व्यवस्था सुनिश्चित किया जायेगा. उन्होंने कहा कि इस वर्ष सभी जलाशयों में पानी अधिक हैं. ऐसे में विसर्जन के दिन स्थानीय स्तर पर व्यापक व्यवस्था रखें. विसर्जन वाले स्थल पर जहां पानी अधिक हो उस एरिया को रस्सी से अनिवार्य रूप से घेराव करें. मौके पर अपर समाहर्ता कुंदन कुमार,तीनों अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी, पूजा समिति व विभिन्न अखाड़ा समिति के लोग मौजूद थे.

सोशल मीडिया पर रहेगी नजर : एसपी

पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने कहा कि सभी पूजा पंडालों में पुलिस का हेल्प डेस्क रहेगा, ताकि जरूरत पड़ने पर मदद किया जा सकता है. प्रत्येक पंडाल में इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी व कंट्रोल रूम का नंबर रहेगा. एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को उनके क्षेत्र में संचालित व्हाट्सएप के विभिन्न ग्रुप पर पैनी नज़र रखने का निर्देश दिया. कहा कि इन दिनों आपत्तिजनक सामग्रियां इसी माध्यम से प्रसारित की जाती हैं. पंडालों में तैनात रहने वाले वालंटियर के बीच पहचान पत्र वितरण करने की बात कही. ताकि पुलिस उनका सहयोग ले सकें. सभी पंडालों में इंट्री और एग्जिट के लिए अलग-अलग लाइन रखना अनिवार्यता है.

बड़े पूजा पंडालों में एक अलग से इमरजेंसी एग्जिट रखने पर बल दिया. आमजनों से कार को पंडालों से दूर निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही लगाने को लेकर जागरूक करें. पैदल घूमने वालों की संख्या अधिक है, रावण दहन के दिन नदी व तालाबों में अधिक पानी रहने को लेकर सतर्कता बरतने की बात कही. सभी पेट्रोलिंग वाहनों में बड़ी रस्सी रखने की बात कही. किसी प्रकार की घटना की जानकारी त्वरित रूप से पुलिस कंट्रोल रूम को देने की बात कही. एसपी ने कहा कि पिछले वर्ष दुर्गा पूजा के दिन सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मौत हुई थी. उन्होंने कहा कि लोग नशे में रहने व जल्दीबाजी के कारण सड़क दुर्घटना होती है. जिससे परिवार को नुकसान होता है.

1467 लोगों पर लगाया गया है धारा 126

शांति समिति की बैठक के दौरान बताया गया कि शांति व्यवस्था बहाल रखने को लेकर हुसैनाबाद में 167 लोगों पर 126 के तहत कार्रवाई की गयी है. जिसे पहले 107 के नाम से जाना जाता था. छतरपुर में 300 लोगों पर व सदर अनुमंडल में करीब 1000 लोगों पर 126 के तहत कार्रवाई की गयी है. वहीं जिला स्तरीय बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिले में दुर्गा पूजा को लेकर कुल 680 पंडाल बनाये गये है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >