शराब भट्टी के साथ 20 क्विंटल अर्ध निर्मित शराब की नष्ट

अवैध शराब निर्माण के खिलाफ एसडीएम ने की छापेमारी

अवैध शराब निर्माण के खिलाफ एसडीएम ने की छापेमारी प्रतिनिधि, गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने शुक्रवार को मझिआंव थाना के रामपुर गांव में औचक छापेमारी कर अवैध शराब निर्माण के एक बड़े अड्डे को ध्वस्त कर दिया, जहां भारी मात्रा में अवैध शराब निर्माण किये जाने के प्रमाण मिले. सर्च अभियान के दौरान टीम को झाड़ियों से धुआं उठता दिखा. वहां पहुंचने पर जलती हुई भट्ठी में शराब बनायी जा रही थी. इस दौरान 10 बड़े ड्रमों में करीब 20 क्विंटल अर्ध-निर्मित शराब और दो खाली ड्रम बरामद हुए. अर्ध-निर्मित शराब को मौके पर ही नाले में बहा दिया गया. इसके बाद सभी ड्रमों को इकट्ठा कर जलती भट्ठी में डालकर नष्ट कर दिया गया. बीते बुधवार को कॉफी विद एसडीएम कार्यक्रम के दौरान भी कई समाजसेवकों ने चिंता जतायी थी. उनका कहना था कि त्योहारों के दौरान नशाखोरी माहौल को प्रभावित करती है, इसलिए अवैध शराब के अड्डों को समाप्त करना आवश्यक है. इसी आलोक में शुक्रवार को एसडीएम संजय कुमार ने अपने निजी सुरक्षा कर्मियों की मदद से मझिआंव–मेराल रोड स्थित रामपुर गांव की पहाड़ी तलहटी में अवैध महुआ शराब निर्माण के अड्डे को ध्वस्त किया. कारोबारी फरार, बस्ती में सन्नाटा एसडीएम ने बताया कि छापेमारी की भनक लगते ही शराब कारोबारी भाग गये. छापेमारी देखकर बस्ती के लोग भी घरों में कैद गये. निकटवर्ती गांव के बुजुर्गों से मिली जानकारी के अनुसार यह कारोबार ओमप्रकाश, अखिलेश और रामजीवन द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जा रहा था. इस संबंध में जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश उत्पाद अधीक्षक को दिये गये हैं. थाना प्रभारियों की जिम्मेदारी तय होगी एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में दिनदहाड़े अवैध शराब निर्माण अस्वीकार्य है. भविष्य में ऐसे बड़े अड्डे मिलने पर उत्पाद विभाग के साथ-साथ संबंधित थाना प्रभारियों की भी जिम्मेदारी तय की जायेगी और इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जायेगी. उन्होंने बताया कि अब तक सदर अनुमंडल क्षेत्र में लगभग एक दर्जन बार छापेमारी की जा चुकी है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. लोगों ने सूचना देने की अपील की एसडीएम ने नागरिकों उनके आसपास अवैध शराब या अन्य नशीली वस्तुओं जैसे गांजा, चरस, हीरोइन आदि के अड्डों की जानकारी हो तो स्थानीय पुलिस, उत्पाद विभाग, नारकोटिक्स या स्वयं उन्हें (एसडीएम) सूचित करने की अपील की है. सूचना देने वालों का नाम व पता गोपनीय रखा जायेगा. उन्होंने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशाखोरी समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है और नशामुक्त समाज बनाने में प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी जिम्मेदारी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >