Relationship OCD: रिश्तों में कभी-कभार मन में सवाल आना या पार्टनर के व्यवहार को लेकर उलझन महसूस होना सामान्य बात है. लेकिन जब यही संदेह हर समय मन पर हावी रहने लगे, बार-बार वही विचार परेशान करें और रिश्ते की हर छोटी बात चिंता का कारण बन जाए, तो यह रिलेशनशिप ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर (Relationship OCD या ROCD) का संकेत हो सकता है. यह मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी ऐसी स्थिति है, जिसमें व्यक्ति अपने रिश्ते को लेकर लगातार असमंजस और चिंता में रहता है.
क्या है रिलेशनशिप ओसीडी?
मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, रिलेशनशिप ओसीडी में व्यक्ति अपने रिश्ते या पार्टनर को लेकर बार-बार अनचाहे विचारों से घिर जाता है. वह यह सोचने लगता है कि क्या उसका रिश्ता सही है, क्या पार्टनर वास्तव में उससे प्यार करता है या नहीं, या फिर कहीं वह किसी गलत रिश्ते में तो नहीं है. ये विचार बार-बार आते हैं और व्यक्ति को मानसिक रूप से थका देते हैं.
किन संकेतों पर दें ध्यान?
अगर कोई व्यक्ति हर समय पार्टनर की कमियों पर ही ध्यान देता है, रिश्ते में परफेक्शन तलाशता रहता है या बार-बार अपने पार्टनर से प्यार और भरोसे का आश्वासन मांगता है, तो यह रिलेशनशिप ओसीडी का संकेत हो सकता है. ऐसे लोग अक्सर अपने रिश्ते की तुलना दूसरों के रिश्तों से भी करते हैं और छोटी-छोटी बातों को लेकर जरूरत से ज्यादा परेशान हो जाते हैं.
हर संदेह ओसीडी नहीं होता
हर बार रिश्ते को लेकर होने वाला शक मानसिक समस्या नहीं होता. अगर पार्टनर का व्यवहार अचानक बदल जाए, वह बातें छिपाने लगे, दूरी बनाने लगे या बार-बार झूठ बोलता दिखाई दे, तो यह रिश्ते में वास्तविक समस्या या किसी रेड फ्लैग का संकेत भी हो सकता है. इसलिए केवल संदेह के आधार पर निष्कर्ष निकालने के बजाय स्थिति को समझना जरूरी है.
कैसे करें इस स्थिति का सामना?
अगर आपको लगता है कि आप लगातार ऐसे विचारों से परेशान हैं, तो खुद को दोष देने या शर्म महसूस करने की जरूरत नहीं है, अपनी भावनाओं को दबाने के बजाय पार्टनर से खुलकर बात करें. किसी भरोसेमंद दोस्त, परिवार के सदस्य या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेना भी मददगार हो सकता है. किसी भी शक पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय पहले शांत मन से स्थिति को समझने की कोशिश करें. सही संवाद और समय पर मदद लेने से रिश्तों को बेहतर तरीके से संभाला जा सकता है.
यह भी पढ़ें: रियल लव या टाइम पास? इन इशारों से तुरंत समझ जाएंगे रिश्ते का सच
