Water Purifier Cleaning Tips: बारिश के इस मौसम में अक्सर सप्लाई के पानी में मिट्टी और गंदगी बढ़ जाती है. इस वजह से जिस टंकी में हम पानी स्टोर करते हैं, उसमें मिट्टी जमने के साथ-साथ मॉइस्चर की वजह से बैक्टीरिया और फंगस का खतरा भी काफी ज्यादा बढ़ जाता है. ऐसे में अगर आप बारिश के इन दिनों में आरओ (RO) से पानी फिल्टर करके पीते हैं, तो यह आर्टिकल आपकी और आपके परिवार की सेहत बिगड़ने से बचा सकता है. दरअसल, वॉटर प्यूरीफायर में पानी स्टोर करने वाली एक टंकी होती है. अगर आप इसकी समय पर सफाई नहीं करते, तो यह फिल्टर किए हुए साफ पानी को भी दोबारा दूषित कर देती है. मॉनसून में टैंक के अंदर मॉइस्चर की वजह से चिकनाहट और खतरनाक जर्म्स बहुत तेजी से फैलते हैं. इसलिए बीमारियों से बचने के लिए टैंक की सही देखभाल और सफाई बेहद जरूरी हो जाती है.
अगर आपके घर पर भी आरओ वॉटर फिल्टर है, तो आज का यह आर्टिकल आपके बहुत काम आने वाला है. आज हम आपको बताने वाले हैं कि आपको इस फिल्टर के टैंक की सफाई कब और किस तरह से करनी चाहिए. जब आप इसका सही तरीका सीख जाएंगे, तो हो सकता है कि अगली बार टैंक की सफाई करने के लिए आपको कंपनी से टेक्नीशियन बुलाने की जरूरत ही न पड़े.
वॉटर प्यूरीफायर की टंकी कब साफ करनी चाहिए?
आमतौर पर आपको अपने वॉटर प्यूरीफायर की टंकी की सफाई हर 1 से 2 महीने में कम से कम एक बार तो जरूर करनी चाहिए. लेकिन अगर आपको टैंक से निकलने वाले पानी में कुछ संकेत नजर आने लगें, तो आपको यह समझ जाना चाहिए कि टैंक को उसी समय साफ करने की जरूरत है. चलिए, इन संकेतों के बारे में जानते हैं.
- पानी का स्वाद बदलना: अगर पीने के पानी का टेस्ट बदला-बदला या अजीब सा लगे, तो आपको समझ जाना चाहिए कि अब प्यूरीफायर की टंकी को साफ करना बहुत जरूरी हो गया है.
- पानी से बदबू आना: अगर पानी में से किसी भी तरह की हल्की सी भी महक या बदबू आ रही हो, तो वह पानी अब पीने लायक नहीं रह गया है. अगर आपको पानी से थोड़ी सी भी अलग गंध या बदबू आने लगे, तो तुरंत फिल्टर के टैंक की सफाई कर लेनी चाहिए.
- छुट्टियों से वापस आने पर: अगर आप कुछ दिनों के लिए बाहर गए थे और टंकी में पानी भरा रह गया था, तो ऐसे में उस पुराने पानी को निकालकर टंकी साफ करना बहुत जरूरी है.
- सर्विसिंग के टाइम: जब भी आप सर्विसिंग के समय आरओ के फिल्टर्स बदलवाएं, तो लगे हाथ टंकी भी जरूर साफ करवाएं या खुद कर लें.
ये भी पढ़ें: गंदा और बिखरा हुआ किचन देखकर बढ़ जाती है टेंशन? ये आसान हैक्स मिनटों में दूर कर देंगे आपकी परेशानी
टंकी साफ करने का सबसे आसान और सही तरीका
अगर आप वॉटर प्यूरीफायर की टंकी खुद ही साफ करने जा रहे हैं, तो आपके लिए इस समय सही तरीका अपनाना बहुत जरूरी हो जाता है. जब सफाई का तरीका सही होता है, तो मशीन का कोई भी इलेक्ट्रिकल कम्पोनेंट खराब नहीं होता है. तो चलिए जानते हैं टैंक को साफ करने का सही तरीका.
- पावर और वाटर सप्लाई बंद करें: अगर आप वॉटर प्यूरीफायर की टंकी खुद ही साफ करने जा रहे हैं, तो सबसे पहले इसका प्लग सॉकेट से बाहर निकाल दें. प्लग निकला हुआ रहने की वजह से आपको करंट लगने का डर नहीं रह जाएगा. इसके बाद आरओ में पानी पहुंचाने वाले नल या वाल्व को भी याद से बंद कर दें.
- पुराना पानी खाली करें: इसके बाद टंकी के नल को खोलकर अंदर जमा सारा पानी बाहर निकाल लें. इस पानी को फेंकने के बजाय आप पौधे सींचने, पोछा लगाने या बर्तन धोने में इस्तेमाल कर सकते हैं.
- टंकी को सावधानी से खोलें: अगर आपके प्यूरीफायर की टंकी आसानी से बाहर निकल आती है, तो उसे धीरे से अलग कर लें. अगर टंकी अंदर ही फिक्स है, तो बस उसका ऊपर का ढक्कन हटा लें. इस बात का खास ख्याल रखें कि किसी तार या पाइप पर फालतू खिंचाव न पड़े.
- नेचुरल क्लीनर का इस्तेमाल करें: टंकी को अंदर से धोने के लिए कभी भी साबुन, सर्फ या केमिकल वाले लिक्विड का इस्तेमाल न करें. इनकी गंध और केमिकल टंकी में रह जाते हैं, जो बाद में पानी में घुल सकते हैं. अगर आप इस टंकी को अंदर से साफ करना चाहते ही हैं, तो विनेगर या नींबू के रस के साथ हल्के गुनगुने पानी को मिलाकर एक नेचुरल क्लीनर तैयार कर लें.
- सफाई करें, धोएं और सुखाएं: अब इस पानी में कॉटन का कपड़ा या स्पंज डुबोकर टंकी की अंदरूनी दीवारों को धीरे-धीरे पोंछें. इससे सारी चिकनाहट और दाग-धब्बे आसानी से छूट जाएंगे. इसके बाद आपको प्यूरीफायर की टंकी को दो से तीन बार नॉर्मल पानी से अच्छी तरह धो लेना है, ताकि विनेगर या नींबू का असर पूरी तरह से खत्म हो जाए. इसके बाद एक साफ और सूखे कपड़े से अंदर का हिस्सा पूरी तरह सुखा लें.
- रीसेट करें और पहला पानी बहाएं: टंकी को वापस उसकी जगह लगाएं और ढक्कन बंद कर दें. अब पानी का वॉल्व खोलें और प्लग लगाकर स्विच ऑन कर दें. जब टंकी पहली बार पूरी भर जाए, तो उस पहले राउंड के पूरे पानी को नल खोलकर बहा दें. इसके बाद जो दूसरी बार पानी भरेगा, वह पीने के लिए 100 प्रतिशत साफ और सुरक्षित होगा.
कुछ जरूरी बातें जिनका ख्याल आपको रखना है
प्यूरीफायर की टंकी को साफ करने के लिए कभी भी बर्तन घिसने वाले तार या स्क्रब का इस्तेमाल न करें. अगर आप इनका इस्तेमाल करेंगे, तो टंकी में स्क्रैच आ जाएंगे और उनमें गंदगी और भी जल्दी जमने लगेगी. इसके अलावा, अगर आपके आरओ में यूवी लाइट लगी है, तो सफाई करते समय उस कांच की ट्यूब को न छुएं. अगर आपको टंकी खोलना थोड़ा मुश्किल या कठिन लग रहा हो, तो जबरदस्ती न करें और किसी आरओ वाले टेक्नीशियन को बुला लें.
ये भी पढ़ें: सालों पुराना ट्रॉली बैग भी दिखेगा नया जैसा, ये आसान ट्रिक्स मिनटों में कर देंगी साफ और फ्रेश
