Washing Machine Mistakes: आजकल कपड़े धोने का काम वॉशिंग मशीन ने काफी आसान कर दिया है. गंदे कपड़े मशीन में डालिए, डिटर्जेंट डालिए और कुछ देर बाद कपड़े धुलकर तैयार. लेकिन क्या आप जानते हैं कि मशीन में कपड़े डालते समय की गई छोटी-सी गलती भी कपड़ों की चमक बिगाड़ सकती है. इतना ही नहीं, लगातार गलत तरीके से मशीन चलाने पर उसके पार्ट्स पर भी असर पड़ सकता है.
इन्हीं रोजमर्रा की छोटी लेकिन काम की बातों को आसान भाषा में समझाने के लिए हमारी काम की बात सीरीज में हम आपके काम की बात लिए घर से जुड़ी जरूरी जानकारियां लेकर आते हैं. तो आज इसी सीरीज में बात करेंगे वॉशिंग मशीन में कपड़े डालते समय होने वाली उन आम गलतियों (Washing Machine Mistakes) की, जिन्हें अक्सर लोग अनजाने में दोहरा देते हैं. अगर आप भी चाहते हैं कि कपड़े अच्छी तरह साफ हों और मशीन लंबे समय तक सही चले, तो इन बातों को जरूर जान लें.
कपड़ों की जेब चेक किए बिना न डालें
कपड़े मशीन में डालने से पहले उनकी जेब जरूर देख लें. कई बार जेब में सिक्के, पेन, पेपर, टिश्यू या दूसरी छोटी चीजें रह जाती हैं. ये चीजें मशीन के अंदर जाकर फंस सकती हैं या कपड़ों को नुकसान पहुंचा सकती हैं. खासकर टिश्यू पेपर धुलने के बाद पूरे कपड़ों पर छोटे-छोटे टुकड़े चिपक सकते हैं.
Washing Machine Mistakes: मशीन को जरूरत से ज्यादा न भरें
जल्दी के चक्कर में बहुत सारे कपड़े एक साथ मशीन में डाल देना आम गलती है. मशीन की क्षमता से ज्यादा कपड़े भरने पर उन्हें घूमने और अच्छी तरह धुलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती. इससे कपड़ों पर डिटर्जेंट या गंदगी रह सकती है. इसलिए मशीन की क्षमता के हिसाब से ही कपड़े डालें और ड्रम में थोड़ी जगह जरूर रखें.
अलग-अलग कपड़ों को मिलाकर न धोएं
हर कपड़े को एक ही तरीके से धोना सही नहीं होता. सफेद, गहरे रंग और हल्के रंग के कपड़ों को अलग-अलग धोना बेहतर रहता है. नए या गहरे रंग के कपड़ों से रंग निकल सकता है, जिससे दूसरे कपड़े खराब हो सकते हैं. इसी तरह नाजुक कपड़ों को भारी और मोटे कपड़ों के साथ डालने से उनकी बनावट प्रभावित हो सकती है.
जिप और बटन पर भी दें ध्यान
कपड़े मशीन में डालने से पहले उनकी जिप बंद कर दें. खुली जिप दूसरे कपड़ों में फंसकर उन्हें खींच (Washing Machine Mistakes) सकती है. वहीं शर्ट या दूसरे कपड़ों के बटन को बंद करने के बजाय कई मामलों में खुले रखना बेहतर होता है, ताकि धुलाई के दौरान उन पर अनावश्यक खिंचाव न पड़े. नाजुक कपड़ों के लिए वॉश बैग का इस्तेमाल भी किया जा सकता है.
दाग वाले कपड़े सीधे मशीन में न डालें
अगर किसी कपड़े पर तेल, चाय, कॉफी या कोई दूसरा गहरा दाग लगा है, तो उसे बिना देखे सीधे मशीन में डाल देना हमेशा सही नहीं होता. पहले दाग वाली जगह को कपड़े के हिसाब से उपयुक्त तरीके से प्री-ट्रीट करें. कई दाग सिर्फ सामान्य मशीन वॉश से पूरी तरह नहीं निकलते और बाद में कपड़े पर और ज्यादा दिखाई दे सकते हैं.
यह भी पढ़ें: फोन चोरी हो जाए तो सबसे पहले करें ये 5 काम, वरना हो जाएगा नुकसान
सही मात्रा में डिटर्जेंट डालें
ज्यादा डिटर्जेंट डालने से कपड़े ज्यादा साफ होंगे, ऐसा जरूरी नहीं है. जरूरत से ज्यादा डिटर्जेंट कपड़ों पर अवशेष छोड़ सकता है और मशीन में भी जमा हो सकता है. दूसरी तरफ बहुत कम डिटर्जेंट से सफाई ठीक से नहीं होगी. इसलिए डिटर्जेंट की मात्रा कपड़ों की संख्या, गंदगी और मशीन के निर्देश के अनुसार रखें.
कपड़ों का लेबल जरूर पढ़ें
हर कपड़े को मशीन में धोना सही नहीं होता. कुछ कपड़ों पर हाथ से धोने या ड्राई क्लीनिंग की सलाह दी जाती है. इसलिए महंगे, नाजुक या नए कपड़े मशीन में डालने से पहले उनका केयर लेबल जरूर पढ़ें. इससे कपड़े सिकुड़ने, रंग छोड़ने या खराब होने जैसी समस्याओं से बच सकते हैं.
यह भी पढ़ें: क्या आप भी लकड़ी का चम्मच-बेलन बस पानी से धोकर रख देते हैं? जानें सफाई का सही तरीका
