VIETNAM : वियतनाम के इस अनोखे मंदिर के बारे में जानते हैं आप !

वियतनाम के राष्ट्रपति टो लाम भारत की दो दिवसीय यात्रा पर हैं. दक्षिण पूर्व एशिया के इस देश के साथ भारत के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक संबंधों का लंबा इतिहास रहा है. बीते वर्षों में यह देश पर्यटन के लिए भी काफी लोकप्रिय हुआ है. जानें यहां के प्रसिद्ध लिटरेचर मंदिर और अन्य लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के बारे में ...

VIETNAM : वर्तमान में वियतनाम दुनिया के सबसे तेजी से आगे बढ़ रहे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है. दरअसल, टूरिज्म अब वियतनाम की अर्थव्यवस्था का भी एक मुख्य स्तंभ है. वर्ष 2025 में वियतनाम ने 2.12 करोड़ अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों का स्वागत कर एक नया रिकॉर्ड बनाया और 2026 में अपने इस रिकॉर्ड से आगे निकलने की तैयारी में है. जानें वियतनाम के उन पर्यटन स्थलों के बारे में, जो दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं.

साहित्य का मंदिर

जी हां, वियतनाम की राजधानी हनोई में स्थित है साहित्य का मंदिर (टेंपल ऑफ लिटरेचर). यह  54,331 वर्ग मीटर के विशाल क्षेत्र में फैला हुआ साहित्य मंदिर वियतनाम का पहला विश्वविद्यालय और हनोई की सबसे अनोखी स्थापत्य कृतियों एवं सबसे पुराने ऐतिहासिक अवशेषों में से एक है. तकरीबन 1000 साल पुराने इस स्थान में मूल वास्तुशिल्प को काफी हद तक बरकरार रखा गया है. साहित्य मंदिर के परिसर में स्थित 82 पत्थरों के शिलालेख डॉक्टर्स स्टेले, जिन पर प्राचीन परीक्षाओं में सफल होने वाले विद्वानों के नाम उकेरे गये हैं, उन्हें यूनेस्को की ‘मेमोरी ऑफ द वर्ल्ड’  रजिस्टर में शामिल किया गया है.

हा लॉन्ग बे

उत्तर-पूर्वी वियतनाम में स्थित यह स्थान यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों में शामिल है. यह वियतनाम का सबसे लोकप्रिय टूरिस्ट डेस्टिनेशन है, जो अपने पन्ना जैसे हरे पानी और हजारों चूना पत्थर के द्वीपों के लिए जाना जाता है. यहां रात में क्रूज पर रुकना और गुफाओं, जैसे सुंग सोट गुफा की सैर करना सबसे चर्चित एक्टिविटी है. लगभग 65,650 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला और 1,133 द्वीपों और छोटे द्वीपों को समेटे हा लॉन्ग बे द्वीपसमूह प्रकृति द्वारा तराशा गया एक शानदार समुद्री दृश्य पेश करता है.

दा नांग

Aerial view of the golden bridge is lifted by two giant hands in the tourist resort on ba na hill in da nang, vietnam. Ba na mountain resort is a favorite destination for tourists

मध्य वियतनाम का यह शहर अपने आधुनिक पुलों और साफ समुद्र तटों के लिए जाना जाता है. बा ना हिल्स में स्थित यहां के प्रसिद्ध गोल्डन ब्रिज को दो विशाल पत्थरों के हाथों ने थाम रखा है. इसके साथ ही यहां आप पांच पहाड़ों के समूह मार्बल माउंटेन्स को देख सकते हैं, जहां कई मंदिर और गुफाएं हैं. दा नांग खाने के शौकीनों के लिए भी एक बेहतरीन टूरिस्ट प्लेस है.

सापा

आप वियतनाम हैं और अगर प्रकृति प्रेमी होने के साथ ट्रेकिंग का भी शौक रखते हैं, तो सापा आपको जरूर जाना चाहिए. यहां पहाड़ों पर सीढ़ीदार चावल के खेत अद्भुत लगते हैं. केबल कार से इंडोचाइना की सबसे ऊंची चोटी फांसिपान जा सकते हैं. छह किलोमीटर की केबल कार यात्रा आपको मात्र 15 मिनट में माउंट फैनसिपन के शिखर तक, 3,143 मीटर की ऊंचाई पर ले जायेगी. इंडो चीन की छत’ कहे जाने वाले इस स्थान से दिखने वाले नजारे बेजोड़ हैं.

निन्ह बिन्ह

यहां की शांत नदियां और पहाड़ों के बीच से गुजरने वाली नाव की सवारी आपको मंत्रमुग्ध कर देगी. पहाड़ की खड़ी ढलान पर 500 सीढ़ियां बड़े ही कलात्मक तरीके से तराशी गयी हैं. यहां की हैंग मुआ चोटी सूर्यास्त के लिए बेहद लोकप्रिय है. वियतनाम का सबसे बड़ा बौद्ध मंदिर परिसर बाई दिन्ह भी यहीं है.

यह भी पढ़ें : 6 महीने के बाद बच्चे को क्या खिलाएं? नई मांओं के लिए आसान फूड गाइड

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Singh Parihar

Senior Copywriter, 15 years experience in journalism. Have a good experience in Hindi Literature, Education, Travel & Lifestyle...

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >