Relationship Tips: रिश्ता चलाने के लिए प्यार, समझ और थोड़ा समझौता जरूरी होता है. लेकिन अगर हर बार समझौता सिर्फ आप ही कर रही हैं और धीरे-धीरे अपनी पसंद, दोस्तों, शौक और जरूरतों को पीछे छोड़ रही हैं, तो एक बार रुककर सोचना जरूरी है. कई बार रिश्ता टूटने के डर से हम खुद की आवाज सुनना बंद कर देते हैं. ऐसे में ये संकेत बता सकते हैं कि कहीं आप खुद को तो नहीं खो रहीं.
हर बात में पार्टनर की पसंद को ही सही मानना
अगर आप अपनी पसंद बताने के बजाय हर बार यही कहती हैं कि 'जो तुम कहो', तो इस आदत पर ध्यान देना चाहिए. पार्टनर की पसंद का सम्मान करना अच्छी बात है, लेकिन आपकी राय भी उतनी ही जरूरी है. रिश्ते में दोनों की पसंद और नापसंद के लिए जगह होनी चाहिए.
छोटे फैसलों में भी खुद पर भरोसा न रहना
क्या खाना है, कहां जाना है या छुट्टी में क्या करना है, जैसे छोटे फैसलों के लिए भी अगर आप हमेशा पार्टनर की मंजूरी का इंतजार करती हैं, तो यह आत्मविश्वास कम होने का संकेत हो सकता है. हर बात में दूसरे की सहमति जरूरी नहीं होती. अपनी पसंद पर भरोसा करना भी जरूरी है.
दोस्तों और पुराने शौक से दूरी
पहले किताबें पढ़ना, पेंटिंग करना, दोस्तों से मिलना या कोई और काम आपको खुशी देता था, लेकिन अब आपने सब छोड़ दिया है? अगर इसकी वजह सिर्फ पार्टनर या रिश्ता है, तो इस बदलाव पर गौर करें. रिश्ते के साथ अपनी पसंद और दोस्ती के लिए भी समय निकालना जरूरी है.
मन की बात कहने से डरना
अगर आप इस डर से अपनी बात नहीं कहतीं कि पार्टनर नाराज हो जाएंगे या झगड़ा हो जाएगा, तो यह रिश्ते के लिए अच्छा संकेत नहीं है. हर बात पर चुप रहना शांति नहीं, बल्कि मन में दबे भावों को बढ़ा सकता है. अपनी बात सम्मान के साथ रखना जरूरी है.
अपनी जरूरतें ही समझ नहीं आना
दूसरों की जरूरतों का ख्याल रखते-रखते अगर आप भूल गई हैं कि आपको खुद क्या चाहिए, तो थोड़ा खुद पर ध्यान देने का समय है. दिन में कुछ मिनट सिर्फ अपने लिए निकालें और खुद से पूछें- 'अभी मुझे किस चीज की जरूरत है?' यह छोटी आदत आपको खुद से दोबारा जोड़ सकती है.
रिश्ता तभी स्वस्थ रहता है, जब उसमें प्यार के साथ दोनों लोगों की पहचान और आजादी की भी जगह हो. समझौता करें, लेकिन अपनी खुशी, पसंद और आत्मसम्मान की कीमत पर नहीं.
यह भी पढ़ें: प्यार कम होने से पहले पार्टनर देता है ये 7 संकेत, समय रहते पहचान लें
