Personality Traits: क्या आपके आसपास या फ्रेंड सर्किल में कोई ऐसा है जो किसी भी अनजान जगह पर जाकर सिर्फ कुछ ही मिनटों में सभी को अपना दोस्त बना लेता है? या फिर आप खुद एक ऐसे इंसान हैं जिन्हें अकेले रहने से ज्यादा दोस्तों के साथ रहना और मौज मस्ती करना अच्छा लगता है? अगर इन सवालों पर आपका जवाब 'हां' है, तो आप या आपका वह दोस्त 'एक्स्ट्रोवर्ट' यानी कि बहुत ही जल्दी किसी से भी घुल मिल जाने वाले इंसान की कैटेगरी में आते हैं. एक्स्ट्रोवर्ट होने का मतलब यह बिल्कुल भी नहीं है कि आप दिनभर किसी न किसी से बातें करते रहते हों. इसका मतलब यह होता है कि आप लोगों के बीच रहना पसंद करते हैं, आसानी से न किसी से डरते हैं और न ही शर्माते हैं, और साथ ही अपनी बातों को खुलकर रखना भी जानते हैं. अगर आप एक एक्स्ट्रोवर्ट हैं, तो आज का यह आर्टिकल आपके लिए ही है. आज हम आपको ऐसी ही कुछ खूबियों के बारे में बताने जा रहे हैं जो आपके अंदर छुपी हुई हैं, लेकिन शायद आपको अब तक इनका अंदाजा नहीं लगा है.
खुद आगे बढ़कर बात शुरू करना
एक्स्ट्रोवर्ट लोगों की सबसे बड़ी खासियत की अगर बात करें तो वह यह होती है कि वे कभी भी किसी नए इंसान से बात करने में जरा सा भी शर्माते या झिझकते नहीं हैं. उन्हें इस बात का बिल्कुल भी डर नहीं होता कि सामने वाला क्या सोचेगा या फिर उनकी बातों का जवाब देगा भी या नहीं. चाहे ट्यूशन की नई क्लास हो, कोई पार्टी हो या बस का सफर, ये लोग मुस्कुराकर बहुत आराम से "हाय, कैसे हो?" बोलकर बातचीत शुरू कर देते हैं. ये लोग इस बात का इंतजार नहीं करते कि कोई दूसरा आकर इनसे पहले बात करने की शुरुआत करे. इनकी इसी पहल करने की आदत की वजह से अनजान लोग भी इनके आसपास तुरंत सहज महसूस करने लगते हैं और इनके आसपास का माहौल हमेशा हल्का और खुशनुमा बना रहता है.
ये भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर सालों तक एक ही DP रखने वाले लोग क्यों होते हैं सबसे अलग? साइकोलॉजी में छिपा है जवाब
दोस्तों के साथ रहकर होते हैं रिचार्ज
कुछ लोगों की आदत होती है कि वे दिनभर काम करने के बाद अकेले शांत कमरे में बैठकर रिलैक्स करते हैं और अपनी थकावट मिटाते हैं, लेकिन जो एक्स्ट्रोवर्ट लोग होते हैं वे इससे बिल्कुल उलटे होते हैं. इन लोगों को भीड़, दोस्तों के साथ हंसी मजाक और चहल पहल के बीच रहकर एनर्जी मिलती है. अगर ये पूरे हफ्ते पढ़ाई या काम करके पूरी तरह थक भी जाएं, तो वीकेंड पर दोस्तों से मिलना या किसी पार्टी में जाना इनकी सारी थकावट चुटकी में दूर कर देता है. इन लोगों को अकेले रहना बहुत बोरिंग लगता है, जबकि लोगों या दोस्तों के बीच रहना इनके लिए एक तरह से मोबाइल चार्जर की तरह काम करता है.
जो मन में आया खुलकर बोल देने की आदत
जो लोग एक्स्ट्रोवर्ट की कैटेगरी में आते हैं उन्हें अपने दिल की बातों को दबाकर रखना नहीं आता है. अगर इनके दिमाग में कोई आइडिया या फिर बात आई है, कोई सवाल उठा है या फिर कोई परेशानी महसूस हुई है, तो ये उसे तुरंत बोल देने में भरोसा रखते हैं. अक्सर हम इन्हें 'बोलकर सोचने वाले' इंसान भी कह देते हैं. इसका मतलब यह है कि ये मन ही मन में प्लानिंग करने के बजाय सामने वाले से बात करते करते अपनी बात क्लियर करते हैं. जो बातें इनके मन में चल रही होती हैं वही बातें इनकी जुबान पर भी होती हैं. इनकी इसी आदत की वजह से इनके मन को समझना दूसरों के लिए बहुत आसान होता है और लोग इन्हें एक सच्चे और साफ दिल वाला इंसान मानते हैं.
ये भी पढ़ें: क्या आपको भी अकेले रहना अच्छा लगता है? आपकी ये आदत बताती है कि आप दूसरों से कितने अलग हैं
बहुत बड़ा फ्रेंड सर्कल होना
जो लोग एक्स्ट्रोवर्ट होते हैं उनकी फ्रेंड सर्किल बहुत बड़ी होती है और इनकी जान पहचान भी दूर दूर तक होती है. इन्हें नए नए लोगों से मिलने, उनके एक्सपीरियंस के बारे में जानने और अपने रिश्तों का दायरा बढ़ाने में बहुत ही ज्यादा मजा आता है. इन्हें इस बात से कोई दिक्कत नहीं होती कि कोई इंसान किस बैकग्राउंड का है, ये हर किसी में कुछ न कुछ ऐसा ढूंढ ही लेते हैं जिससे दोस्ती हो सके. जगह चाहे कोई भी हो, इन्हें कोई न कोई दोस्त उस जगह पर जरूर मिल जाएगा. इनकी सोशल लाइफ हमेशा एक्टिव रहती है और ये कभी अकेले नहीं पड़ते.
अच्छा लगता है ग्रुप में काम करना और नई चीजें ट्राई करना
जो लोग एक्स्ट्रोवर्ट किस्म के होते हैं उन्हें अकेले एक कोने में बैठकर काम करना बहुत ही उबाऊ लगता है. जब भी इन लोगों को कोई प्रोजेक्ट या फिर टास्क मिलता है, तो ये लोग चाहते हैं कि कम से कम 4 से 5 लोग साथ मिलकर बैठें और इस पर डिस्कशन करें, बातें करें और हंसते खेलते अपने काम को पूरा करें. इसके अलावा, इन्हें अपनी लाइफ में रोज एक ही जैसी चीजें करना पसंद नहीं होता. ये नई नई जगहों पर जाना, नए खेल खेलना, नया खाना ट्राई करना और लाइफ में नए चैलेंज लेना पसंद करते हैं. ये लोग जीवन में अचानक आने वाले किसी भी बदलाव से डरते या घबराते नहीं हैं, बल्कि ये उस नए माहौल में बहुत ही जल्दी और आसानी से ढल जाते हैं.
ये भी पढ़ें: क्या आप भी हैं ओवरथिंकर? इसे कमजोरी नहीं, आपके अंदर छिपी हैं ये 5 कमाल की खूबियां
