Parenting Tips: हर पैरेंट की यह चाहत होती है कि उनका बच्चे जीवन में आगे चलकर एक मजबूत, सफल और कॉन्फिडेंट इंसान बने. लेकिन कई बार ऐसा भी होता है कि जीवन में छोटी सी परेशानी आती नहीं है और आपका बच्चा हार मान लेता है. बात यहां तक पहुंच जाती है कि वे किसी भी काम को पूरा करने से पहले ही छोड़ देते हैं और उसे पूरा करने की कोशिश तक नहीं करते हैं. अगर आपका बच्चा ऐसा कर रहा है, तो संभावना है कि इसके पीछे आपकी ही कुछ गलतियां जिम्मेदार हों. आज इस आर्टिकल में हम आपको पैरेंट्स की ही कुछ ऐसी गलतियों या फिर आदतों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनकी वजह से उनके बच्चे किसी भी काम को पूरा करने से पहले ही हार मान लेते हैं. तो चलिए इनके बारे में जानते हैं विस्तार से, ताकि आप भी समय रहते इन्हें सुधार लें.
बच्चों पर ज्यादा प्रेशर डालना
कई बार ऐसा भी होता है कि पैरेंट्स अपने बच्चों से काफी ज्यादा उम्मीदें रखने लगते हैं. वे चाहते हैं कि उनका जो बच्चा है वह हर एक काम में सबसे बेस्ट रहे. बात चाहे पढ़ाई की हो, स्पोर्ट्स की या फिर किसी और एक्टिविटी की, पैरेंट्स चाहते हैं कि उनका बच्चा हर फील्ड में आगे रहे. जब बच्चे पर हद से ज्यादा प्रेशर डाला जाता है, तो वे अंदर ही अंदर डरने लगते हैं कि अगर वे फेल हो जाएंगे, तो पैरेंट्स नाराज हो जाएंगे. यह एक सबसे बड़ी वजह है कि बच्चा डर की वजह से किसी भी काम को करने से पहले ही मान लेते हैं.
यह भी पढ़ें: बिना डांट-फटकार बच्चे से कैसे करवाएं होमवर्क? जानें स्मार्ट पैरेंटिंग टिप्स
बार-बार डांटना या आलोचना करना
अगर आप उन पैरेंट्स में से हैं, जो अपने बच्चे की गलती पर उसे बार-बार डांटते हैं या फिर उसकी आलोचना करते हैं, तो यह भी एक कारण हो सकता है उनके कॉन्फिडेंस के कम होने का. जब आप उनके साथ ऐसे पेश आते हैं तो उसे लगने लगता है कि वह किसी भी काम को सही तरीके से नहीं कर सकता है. जब उसके दिमाग में यह बात बैठ जाती है, तो वह किसी भी नए काम को करने से डरने लगता है और उसे पूरा किये बिना ही हार मान लेता है.
बच्चों की तुलना करना
कई पैरेंट्स में यह आदत देखने को मिलती है कि वे अपने बच्चे की तुलना दूसरे बच्चों से करने लग जाते हैं. अगर आप भी ऐसा ही करते हैं, तो आपको आज ही अपनी इस आदत को सुधार लेना चाहिए. जब आप अपने बच्चे की तुलना किसी भी दूसरे बच्चे या फिर उसी के भाई-बहन से करते हैं, तो उसके दिल और दिमाग पर इसका काफी गहरा असर पड़ता है. उसके मन में यह बात बैठ जाती है कि वह दूसरों से अच्छा नहीं कर सकता है. उसकी यही सोच उसके कॉन्फिडेंस को कम कर देती है और वह बिना मेहनत किये ही हार मान लेता है.
हर समस्या को खुद हल कर देना
कुछ पैरेंट्स में यह आदत होती है कि वे अपने बच्चे को थोड़ी सी भी मुसीबत या फिर परेशानी में देख नहीं पाते हैं. अपने इस प्यार और आदत की वजह से वे बच्चे को खुद हर तरह की परेशानी से निकालने में लग जाते हैं. जब आप ऐसा करते हैं, तो आपके बच्चे खुद कभी भी परेशानी का हल ढूंढना सीख नहीं पाते हैं. जब भी उसके जीवन में कोई मुसीबत आती है, तो उसे यह समझ में ही नहीं आता है कि आखिर उसके करना क्या है.
बच्चों को मोटिवेट न करना
अगर आप चाहते हैं कि आपके बच्चे जीवन में आगे बढ़ें, तो आपके लिए यह और भी जरूरी हो जाता है कि आप उन्हें सही तरीके से मोटिवेट करें. अगर आपका बच्चा कोशिश कर रहे है लेकिन आप उसकी तारीफ नहीं कर रहे हैं या फिर उसकी मेहनत को वैल्यू नहीं दे रहे हैं, तो उनके अंदर का उत्साह देखते ही देखते खत्म हो जाता है. उनके दिमाग में यह बात बैठ जाती है कि चाहे वे कितनी भी कोशिश क्यों न कर लें, इसका कोई फायदा नहीं है.
यह भी पढ़ें: क्यों माता-पिता से दूर हो जाते हैं बच्चे? ये 5 गलतियां हैं जिम्मेदार
