Makeup Tips for Dry Skin: त्योहार या किसी खास मौके पर हर कोई चाहता है कि मेकअप एकदम साफ और नेचुरल दिखे. लेकिन कई बार फाउंडेशन लगाने के बाद चेहरा पैची दिखने लगता है और कुछ समय बाद बेस जगह-जगह से हटने लगता है. खासकर ड्राई स्किन पर यह परेशानी ज्यादा देखने को मिलती है. ऐसे में फाउंडेशन लगाने से पहले स्किन को अच्छी तरह मॉइश्चराइज करना जरूरी है. इसके अलावा एलोवेरा जेल का एक आसान हैक भी ट्राई किया जा सकता है, जिससे फाउंडेशन को ब्लेंड करना आसान हो सकता है.
पैची मेकअप को कहें बाय-बाय
अगर फाउंडेशन लगाने के बाद आपका बेस जगह-जगह से अलग दिखने लगता है, तो एलोवेरा जेल वाला यह आसान तरीका आजमा सकती हैं. एलोवेरा जेल स्किन को नमी देने में मदद करता है. वहीं, फाउंडेशन में इसकी थोड़ी मात्रा मिलाने से उसका टेक्सचर हल्का महसूस हो सकता है और उसे स्किन पर फैलाना आसान हो सकता है.
फाउंडेशन में एलोवेरा जेल मिलाने से क्या होगा?
कई बार ज्यादा गाढ़ा फाउंडेशन ड्राई स्किन पर आसानी से नहीं बैठता. ऐसे में उसमें थोड़ी मात्रा में एलोवेरा जेल मिलाने से फाउंडेशन थोड़ा हल्का हो सकता है. इससे इसे चेहरे पर फैलाना और ब्लेंड करना आसान हो जाता है. यह तरीका खासकर तब काम आ सकता है, जब मेकअप के बाद स्किन बहुत ड्राई या खिंची-खिंची नजर आती हो. हालांकि, हर स्किन पर प्रोडक्ट का असर अलग हो सकता है, इसलिए पहली बार इस्तेमाल करने से पहले थोड़ा सा पैच टेस्ट कर लेना बेहतर है.
एलोवेरा जेल और फाउंडेशन को ऐसे मिलाएं
इस हैक को ट्राई करने के लिए आपको बस फाउंडेशन और थोड़ा सा ट्रांसपेरेंट एलोवेरा जेल चाहिए.
- सबसे पहले हाथ के पीछे या मेकअप पैलेट पर फाउंडेशन की 1-2 बूंद लें.
- अब इसमें सिर्फ 1 बूंद एलोवेरा जेल मिलाएं.
- दोनों चीजों को उंगली या छोटे स्पैचुला से अच्छी तरह मिक्स करें.
- तैयार मिश्रण को चेहरे पर छोटे-छोटे डॉट्स की तरह लगाएं.
- अब नम ब्यूटी ब्लेंडर से हल्के हाथों से टैप करते हुए फाउंडेशन को ब्लेंड करें.
- जरूरत लगे तो दूसरी हल्की लेयर लगाएं. एक साथ बहुत ज्यादा फाउंडेशन लगाने से बचें.
एलोवेरा जेल लेते समय इन बातों का रखें ध्यान
हर तरह का एलोवेरा जेल मेकअप के साथ इस्तेमाल करना सही नहीं होता. अगर आप इस ट्रिक को आजमा रही हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखें.
- ऐसा एलोवेरा जेल लें जो साफ और ट्रांसपेरेंट हो.
- पौधे से निकाला गया ताजा जेल सीधे फाउंडेशन में मिलाने से बचें.
- अगर आपकी स्किन बहुत ऑयली है, तो जेल की मात्रा बहुत कम रखें.
- पहली बार इस्तेमाल करने से पहले हाथ या जबड़े के पास थोड़ा सा लगाकर देख लें.
- अगर जलन, लालिमा या खुजली महसूस हो, तो इसे इस्तेमाल न करें.
मेकअप को अच्छा दिखाने के लिए एक और टिप
अगर आपकी स्किन ड्राई है, तो सिर्फ फाउंडेशन में एलोवेरा जेल मिलाना ही काफी नहीं है. मेकअप से पहले चेहरे को साफ करके हल्का मॉइश्चराइजर लगाएं और उसे कुछ मिनट स्किन में सेट होने दें. इसके बाद फाउंडेशन लगाएं. इससे बेस ज्यादा स्मूद दिख सकता है और मेकअप के पैची होने की परेशानी भी कम हो सकती है.
यह भी पढ़ें: चेहरे की टैनिंग ने छीन लिया है निखार? घर पर बनाएं ये Natural Homemade Bleach
