IRCTC Tour Package: IRCTC ने श्रद्धालुओं के लिए एक खास धार्मिक यात्रा पैकेज की घोषणा की है. इस टूर के जरिए यात्री 11 दिनों में देश के पांच प्रमुख ज्योतिर्लिंगों के साथ द्वारकाधीश मंदिर और विश्व प्रसिद्ध एलोरा गुफाओं के दर्शन कर सकेंगे. यह यात्रा भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से आयोजित की जाएगी.
यह विशेष यात्रा 11 जुलाई 2026 को रीवा से शुरू होगी और 21 जुलाई 2026 को समाप्त होगी. धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले कई प्रमुख स्थलों को इस यात्रा कार्यक्रम में शामिल किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को एक ही बार में कई पवित्र स्थानों के दर्शन करने का अवसर मिलेगा.
पैकेज की कीमत कितनी है?
यात्रियों के लिए स्लीपर, 3एसी और 2एसी श्रेणियों में बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है. स्लीपर क्लास का किराया 20,250 रुपये प्रति व्यक्ति से शुरू होता है. वहीं 3एसी के लिए 33,250 रुपये और 2एसी के लिए 44,000 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया गया है.
इस पैकेज में ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, भोजन, स्थानीय परिवहन और यात्रा बीमा जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जिससे यात्रियों को अलग से अधिक व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी.
किन-किन धार्मिक स्थलों के होंगे दर्शन?
यात्रा के दौरान श्रद्धालु गुजरात स्थित द्वारकाधीश मंदिर, बेट द्वारका और नागेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन करेंगे. इसके बाद प्रसिद्ध सोमनाथ ज्योतिर्लिंग की यात्रा कराई जाएगी.
महाराष्ट्र पहुंचने पर भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग और त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिलेगा. यात्रा के अंतिम चरण में घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग और ऐतिहासिक एलोरा गुफाओं का भ्रमण कराया जाएगा.
यात्रियों को क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?
IRCTC की ओर से यात्रियों को सुबह चाय या कॉफी, नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन उपलब्ध कराया जाएगा. इसके अलावा प्रतिदिन एक लीटर पैकेज्ड पेयजल भी दिया जाएगा. विभिन्न दर्शनीय स्थलों तक आने-जाने के लिए बसों की व्यवस्था होगी. पूरी यात्रा के दौरान टूर एस्कॉर्ट और सुरक्षा कर्मी यात्रियों की सहायता के लिए मौजूद रहेंगे.
हालांकि स्मारकों के प्रवेश शुल्क, विशेष दर्शन टिकट, कैमरा शुल्क, पोर्टर सेवा, व्यक्तिगत खर्च, दवाइयां और लॉन्ड्री जैसी सुविधाएं पैकेज में शामिल नहीं हैं, जिनका भुगतान यात्रियों को स्वयं करना होगा.
