Fan Cleaning Tips: गर्मी हो या बरसात, घर का पंखा रोज कई घंटों तक चलता है. लगातार इस्तेमाल होने की वजह से इसके ब्लेड पर धूल की परत जमने लगती है. परेशानी तब होती है जब पंखा साफ करने पर यही धूल फर्श, बिस्तर और फर्नीचर पर गिरने लगती है. इसके बाद दोबारा पूरे कमरे की सफाई करनी पड़ती है. हालांकि, पंखे के ब्लेड साफ करने के लिए उन्हें खोलना जरूरी नहीं है. कुछ आसान घरेलू तरीकों से आप पंखे को उसकी जगह पर ही साफ कर सकते हैं.
पुराने तकिए के खोल से करें सफाई
पंखे के ब्लेड साफ करने के लिए पुराना तकिए का खोल काम आ सकता है. सबसे पहले पंखा बंद करें और ब्लेड के पूरी तरह रुकने का इंतजार करें. अब एक ब्लेड पर तकिए का खोल चढ़ाएं और दोनों तरफ से कपड़े को हल्के हाथ से दबाते हुए अपनी तरफ खींचें. इससे ब्लेड पर जमी धूल कपड़े के अंदर ही रह जाएगी और नीचे कम गिरेगी. इसी तरह बाकी ब्लेड भी साफ कर लें.
माइक्रोफाइबर कपड़ा भी आएगा काम
अगर पंखे पर बहुत ज्यादा धूल नहीं है, तो माइक्रोफाइबर कपड़े से सफाई की जा सकती है. कपड़े को ब्लेड के ऊपर रखकर धीरे-धीरे पोंछें. कपड़े को दोनों तरफ से हल्के हाथ से पकड़कर चलाने से धूल इधर-उधर फैलने की संभावना कम रहती है.
चिकने ब्लेड के लिए अपनाएं यह तरीका
रसोई के आसपास लगे पंखे पर धूल के साथ तेल की चिकनाई भी जम सकती है. ऐसे में हल्के साबुन वाले पानी में माइक्रोफाइबर कपड़ा भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें और ब्लेड को पोंछें. इसके बाद साफ कपड़े से दोबारा पोंछकर ब्लेड सुखा दें. पंखे पर सीधे पानी या साबुन का घोल न डालें.
सफाई के दौरान रखें इन बातों का ध्यान
पंखे की सफाई हमेशा बिजली बंद करके करें. ऊंचे पंखे तक पहुंचने के लिए अस्थिर कुर्सी या मेज पर चढ़ने से बचें. जरूरत हो तो मजबूत सीढ़ी का इस्तेमाल करें. मोटर और बिजली से जुड़े हिस्सों को पानी से दूर रखें. वहीं, ब्लेड को बहुत जोर से रगड़ने या दबाने से भी बचना चाहिए.
यह भी पढ़ें: छोटे-छोटे UPI पेमेंट खाली कर रहे जेब? महीने भर के खर्चों का ऐसे रखें हिसाब
