Hair Care Myths: हम सभी चाहते हैं कि हमारे बाल हमेशा खूबसूरत बने रहें. लेकिन जब बालों से जुड़ी कोई समस्या होती है, तो हम घबरा जाते हैं और इसी घबराहट में दूसरों से सलाह लेने लगते हैं. आप एक इंसान से सलाह मांगकर देखिए, आपको पांच लोग खुद आगे आकर सलाह देने लगेंगे. इनमें से कुछ सलाह काम की होती हैं, लेकिन कुछ बिल्कुल बेकार और बिना मतलब की होती हैं. सलाह लेना गलत नहीं है, पर जब हम बिना सोचे-समझे उन्हें अपनाने लगते हैं, तभी समस्या शुरू होती है. आपके बालों को नुकसान न हो और आप ऐसी गलत सलाह से बच सकें, इसलिए आज हम आपको बालों की देखभाल से जुड़ी कुछ ऐसी बातें बताने जा रहे हैं जिन्हें आप लंबे समय से सही मानकर फॉलो करते आ रहे हैं. आइए इन गलत लेकिन लोकप्रिय धारणाओं के पीछे की सच्चाई को विस्तार से समझते हैं.
रोज बालों को धोने से बढ़ता है हेयर फॉल
बहुत से लोगों का यह मानना होता है कि अगर हर दिन शैंपू किया जाए, तो बालों की जड़ें कमजोर होकर हेयर फॉल की समस्या बढ़ने लगती है. इस डर की वजह से वे कई-कई दिनों तक अपने बालों को धोते नहीं है. बालों के झड़ने के पीछे आपका शैंपू नहीं बल्कि कई बार हार्मोन्स में बदलाव, स्ट्रेस, न्यूट्रिशन की कमी और स्कैल्प में जमी गंदगी भी कारण हो सकता है. जब आपके स्कैल्प पर ऑयल, पसीना और धूल जमा हो जाती है तो हेयर फॉल की समस्या और भी ज्यादा बढ़ जाती है. आपके लिए फायदेमंद होगा अगर आप रेगुलर बेसिस पर अपने बालों को धोने के लिए एक माइल्ड शैंपू का इस्तेमाल करना शुरू करें। ऐसा करने से आपका स्कैल्प साफ रहता है और बालों को फायदा भी पहुंचता है.
यह भी पढ़ें: क्यों अचानक झड़ने लगते हैं महिलाओं के बाल? वजह जानकर चौंक जाएंगी आप
ऑइलिंग से ठीक हो जाते हैं दोमुंहे बाल
अक्सर हमने यह सुना है कि बालों में ज्यादा ते लगाने से स्प्लिट एंड्स की समस्या से छुटकारा मिल जाता है. अगर आपका भी यही मानना है तो आप पूरी तरह से गलत हैं. जब आप बालों में तेल लगाते हैं तो वे सॉफ्ट और शाइनी बनते हैं, लेकिन आपको दोमुंहे बाल आपस में जुड़ते नहीं है. अगर आप स्प्लिट एंड्स की समस्या से छुटकारा पाना चाहते हैं तो आपको अपने बालों को ट्रिम करवाना होगा. अगर आप बालों में तेल लगाते हैं तो वे डैमेज होने से बचते हैं, लेकिन पहले से हुआ डैमेज ठीक नहीं हो सकता है.
बार-बार कंघी करने से बाल लंबे होते हैं
कई लोग आपको यह सलाह भी दे सकते हैं कि बालों को तेजी से लंबा करने के लिए उन्हें बार-बार कंघी करते रहना चाहिए. अगर आप इस बात को सच मानते हैं तो बता दें आपके बाल जड़ों से बढ़ते हैं, कंघी करने से नहीं. जब आप हद से ज्यादा कंघी करने लगते हैं तो आपके बाल टूटने लगते हैं, ड्राई हो जाते हैं और कई बार फ्रिजी भी हो जाते हैं. बालों को हेल्दी रखने के लिए दो से तीन बार कंघी करना ही काफी होता है.
सफेद बाल तोड़ने से ज्यादा सफेद बाल उगते हैं
यह बात तो हम सभी ने सुन रखी है कि अगर सफेद बालों को तोड़ा जाए, तो और भी ज्यादा सफेद बाल उग जाते हैं. असलियत तो यह है कि एक जड़ से सिर्फ एक ही बाल निकलता है, जिस वजह से अगर आप उसे तोड़ भी देते हैं तो आसपास के बालों के रंग पर इसका कोई असर नहीं पड़ता. हालांकि, बार-बार उस सफेद बाल को तोड़ने से जड़ें जरूर कमजोर हो जाती हैं और कई बार तो उस जगह पर दोबारा बाल भी नहीं उगता.
यह भी पढ़ें: हेयर फॉल रोकने के चक्कर में आप भी तो नहीं कर रहे ये खतरनाक एक्सपेरिमेंट? सुधर जाएं वरना बर्बाद हो जाएंगे बाल
