Bird Nest In House: घर-आंगन में चिड़िया का आना और फिर वहीं अपना घोंसला बना लेना देखने में काफी प्यारा लगता है. सुबह-सुबह उनकी चहचहाहट से घर का माहौल भी अच्छा लगता है. लेकिन कई बार घर में घोंसला देखकर मन में सवाल आता है कि इसे रखना ठीक है या नहीं. वास्तु विशेषज्ञ बाबा बिमलेश के अनुसार, वास्तु शास्त्र में घर में पक्षियों के आने और घोंसला बनाने को लेकर कुछ मान्यताएं बताई गई हैं. कुछ पक्षियों का घर में आना और घोंसला बनाना शुभ माना जाता है, वहीं कुछ पक्षियों को लेकर अलग मान्यताएं हैं. आइए जानते हैं घर में चिड़िया का घोंसला बनना किस तरह देखा जाता है.
घर में चिड़िया का घोंसला बनना क्या बताता है
आम तौर पर पक्षी ऐसी जगह तलाशते हैं जहां उन्हें खुद को सुरक्षित महसूस हो और जहां उनका घोंसला आसानी से बचा रहे. इसी वजह से घर के किसी कोने, बालकनी या आंगन में घोंसला बनना इस बात का संकेत हो सकता है कि उस जगह को पक्षी अपने लिए ठीक समझ रहे हैं. वास्तु से जुड़ी मान्यताओं में इसे घर के लिए अच्छा संकेत भी माना जाता है.
गौरैया का घोंसला माना जाता है शुभ
घर में गौरैया का आना और घोंसला बनाना कई लोग शुभ मानते हैं. मान्यता है कि गौरैया की मौजूदगी घर में सुख-शांति और खुशहाली से जुड़ी होती है. इसकी चहचहाहट से घर का माहौल भी अच्छा लगता है. इसलिए अगर गौरैया ने बालकनी या आंगन में अपना छोटा सा घोंसला बना लिया है, तो उसे लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है.
तोते का घर के पास आना
तोते को भी कई मान्यताओं में अच्छे संकेत से जोड़ा गया है. घर के आसपास तोते का आना प्रेम, मेल-जोल और खुशियों से जुड़ा माना जाता है. कुछ लोग इसे अच्छे विचारों और सौभाग्य का संकेत भी मानते हैं. हालांकि, ये बातें धार्मिक और वास्तु मान्यताओं पर आधारित हैं.
कबूतर का घोंसला बनाना
कबूतर अक्सर घरों की बालकनी, छत या खिड़की के आसपास घोंसला बना लेते हैं. वास्तु से जुड़ी कुछ मान्यताओं में घर के अंदर लंबे समय तक कबूतर का डेरा रहना अच्छा नहीं माना जाता. वहीं, व्यवहारिक तौर पर भी कबूतर के घोंसले से गंदगी हो सकती है. इसलिए घोंसला हटाना हो तो पक्षी और उसके बच्चों को नुकसान न पहुंचे, इसका ध्यान रखना चाहिए.
चमगादड़ का घर में आना
चमगादड़ आम तौर पर अंधेरी और शांत जगहों में रहना पसंद करते हैं. वास्तु से जुड़ी कुछ मान्यताओं में घर में चमगादड़ का आना अच्छा नहीं माना गया है. इसे लेकर घर में परेशानी या अनबन जैसी बातें कही जाती हैं. हालांकि, ऐसी मान्यताओं का कोई पक्का वैज्ञानिक आधार नहीं है.
मधुमक्खी का छत्ता बन जाए तो
घर की दीवार, छत या किसी कोने में मधुमक्खियों का छत्ता बनना भी कई लोगों के लिए चिंता की बात हो सकती है. वास्तु की कुछ मान्यताओं में इसे घर के लिए ठीक नहीं माना जाता और इसे परेशानी या आर्थिक नुकसान से जोड़ा जाता है. लेकिन यहां सबसे जरूरी बात सुरक्षा है. छत्ते को खुद हटाने के बजाय जरूरत पड़ने पर किसी जानकार की मदद लेना बेहतर रहता है.
घोंसला दिखे तो क्या करें
अगर किसी छोटे पक्षी ने घर के किसी कोने में घोंसला बना लिया है, तो उसे तुरंत हटाने की जरूरत नहीं है. खासकर अगर उसमें अंडे या बच्चे हों, तो उन्हें परेशान न करना बेहतर है. घोंसले की वजह से सफाई की दिक्कत हो रही हो, तो पक्षियों के वहां से चले जाने के बाद उस जगह को अच्छी तरह साफ किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: Vastu Tips: बाथरूम में इन 6 चीजों को रखना माना जाता है अशुभ, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती?
