पिंपल्स तो चले गए, लेकिन दाग रह गए? इन आसान तरीकों से वापस पाएं चेहरे की नेचुरल ग्लो

Acne Marks Removal Tips: चेहरे पर पिंपल्स चले जाने के बाद रह जाने वाले जिद्दी दाग कई बार हमारी सबसे बड़ी परेशानी बन जाते हैं। अगर आप भी इन्हीं निशानों से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो कुछ आसान घरेलू उपाय, सही स्किनकेयर रूटीन और सही प्रोडक्ट्स की मदद से इन्हें धीरे-धीरे हल्का किया जा सकता है.

Acne Marks Removal Tips: चेहरे पर पिंपल्स निकल आना एक बहुत ही आम बात है. लेकिन असली परेशानी तब शुरू होती है जब ये पिंपल्स तो चले जाते हैं, लेकिन पूरे चेहरे पर काले या फिर ब्राउन रंग के जिद्दी दाग छोड़ जाते हैं. ये दाग दिखने में भी अजीब लगते हैं और साथ ही चेहरे की नेचुरल ग्लो को भी छीन लेते हैं. चेहरे पर दाग होने की वजह से हम जब भी बाहर जाते हैं या फिर किसी से मिलते हैं, तो कई बार खुद में भी कॉन्फिडेंस की कमी महसूस करने लग जाते हैं. अगर आपके चेहरे पर भी पिंपल्स ठीक होने के बाद ये दाग छूट गए हैं, तो आज की यह आर्टिकल आपके काम की होने वाली है. आज हम आपको कुछ ऐसे सिंपल तरीके बताने जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप पिंपल्स के बाद चेहरे पर निकलने वाले इन दाग और धब्बों से काफी आसानी से छुटकारा पा सकते हैं. तो चलिए जानते हैं इन उपायों के बारे में विस्तार से.

acne marks removal tips

पिंपल्स के बाद चेहरे पर दाग निकलते क्यों हैं?

अगर आपके चेहरे पर पिंपल्स के ठीक होने के बाद ये दाग और धब्बे निकल आए हैं, तो आपको इसके पीछे का कारण भी समझना चाहिए. जब चेहरे पर पिंपल्स निकलते हैं, तो उस जगह की स्किन में अंदरूनी सूजन आ जाती है. इस सूजन से बचने के लिए हमारी स्किन उस जगह पर मेलेनिन नाम का एक डार्क पिगमेंट ज्यादा प्रोड्यूस करने लग जाती है. मेडिकल टर्म्स में इसे पोस्ट-इंफ्लेमेटरी हाइपरपिग्मेंटेशन कहा जाता है. इसके अलावा कुछ लोगों की आदत होती है पिंपल्स को बार-बार छूने, दबाने या फिर जबरदस्ती फोड़ने की. जब आप ऐसा करते हैं, तो आपकी स्किन के अंदर के सेल्स डैमेज हो जाते हैं और ये दाग परमानेंट हो जाते हैं. अगर आप नहीं चाहते हैं कि चेहरे पर ये दाग-धब्बे परमानेंट हों, तो सबसे पहला और जरूरी नियम है कि आप इन पिंपल्स को कभी भी न हाथों से छुएं और न ही इन्हें फोड़ने की गलती करें.

ये भी पढ़ें: न होगी चिपचिपाहट, न ही निकलेंगे पिंपल्स, मॉनसून में दिनभर फ्रेश लुक के लिए सुबह उठते ही अपनाएं ये 5 स्किनकेयर हैक्स

इन जिद्दी दागों से छुटकारा पाने के लिए क्या करें?

इन जिद्दी दागों से छुटकारा पाने के लिए आपको महंगी क्रीमों के पीछे भागने की जरूरत नहीं है. दरअसल, हमारे घर और किचन में ही कुछ बहुत ही असरदार और सुरक्षित चीजें मौजूद होती हैं, जो इन दागों से छुटकारा पाने में हमारी मदद कर सकती हैं. अगर आप इन दागों से नैचुरली छुटकारा पाना चाहते हैं, तो इसके लिए फ्रेश एलोवेरा जेल का इस्तेमाल करना सबसे बेस्ट साबित हो सकता है. इसमें स्किन को रिपेयर करने की मैजिकल प्रॉपर्टीज होती हैं. यह स्किन की सूजन को शांत करता है और नए सेल्स बनाने में मदद करता है. रोज रात को सोने से पहले अपने साफ चेहरे पर एलोवेरा जेल लगाएं और सो जाएं. इसके अलावा, आप आलू के रस का भी इस्तेमाल कर सकते हैं, क्योंकि इसमें नेचुरल ब्लीचिंग एजेंट होते हैं जो दागों को हल्का करने में मदद करते हैं. इसका इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले एक आलू को घिसकर उसका रस निकाल लें, कॉटन की मदद से इसे दागों पर लगाएं और फिर 15 मिनट बाद अपने चेहरे को अच्छे से धो लें.

सही स्किनकेयर रूटीन भी है बेहद जरूरी

अगर आप इन दाग-धब्बों को जल्दी ठीक करना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको एक बेसिक स्किनकेयर रूटीन को फॉलो करना बहुत ही जरूरी हो जाता है. इन दागों से छुटकारा पाने के लिए सबसे पहले एक जेंटल फेसवॉश का इस्तेमाल करना शुरू कर दें. दिन में दो बार किसी माइल्ड फेसवॉश से ही चेहरा साफ करें. अपने चेहरे को ज्यादा रगड़कर न धोएं और न ही स्क्रब का इस्तेमाल करें, क्योंकि इससे स्किन छिल सकती है और प्रॉब्लम बढ़ सकती है. इसके अलावा, घर से बाहर निकलते समय एक अच्छे सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना कभी भी न भूलें. सूरज की धूप इन दाग-धब्बों को और ज्यादा गहरा और परमानेंट बना देती है. इसलिए चाहे आप घर के अंदर हों या धूप में बाहर जा रहे हों, रोज कम से कम 30 SPF वाला सनस्क्रीन जरूर लगाएं. लास्ट में आपको एक अच्छे ब्रैंड के मॉइस्चराइजर का भी इस्तेमाल करना चाहिए, क्योंकि जब आपकी स्किन हाइड्रेटेड रहती है, तो वह खुद को बहुत तेजी से रिपेयर करती.

एक्टिव इंग्रीडिएंट्स की मदद लेना भी फायदेमंद

अगर आपको जल्दी रिजल्ट चाहिए लेकिन ये घरेलू उपाय जल्दी असर नहीं दिखा रहे हैं, तो ऐसी कंडीशन में आपको मेडिकल शॉप में मिलने वाले डर्मेटोलॉजिस्ट द्वारा बताए गए सीरम या क्रीम का इस्तेमाल करना चाहिए. इनमें कुछ स्पेशल इंग्रीडिएंट्स पाए जाते हैं जो बहुत ही तेजी से काम करते हैं. इन दागों से छुटकारा पाने के लिए आप विटामिन-सी सीरम का इस्तेमाल कर सकते हैं. यह आपकी स्किन टोन को एक जैसा बराबर बनाता है और दागों को गायब करने में भी इसे काफी फायदेमंद माना जाता है. इसका इस्तेमाल सुबह चेहरे पर सनस्क्रीन लगाने से पहले चेहरे पर करना चाहिए. इसके अलावा, नियासिनामाइड का इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है क्योंकि यह आपकी स्किन की रेडनेस और काले दाग-धब्बों को कम करने के लिए सबसे बेस्ट माना जाता है. आप अगर चाहें तो सैलिसिलिक एसिड बेस्ड प्रोडक्ट का भी इस्तेमाल कर सकते हैं, क्योंकि यह आपके पोर्स के अंदर जाकर गंदगी को साफ करता है, जिस वजह से आपके चेहरे पर नए पिंपल्स नहीं आते हैं और जब पिंपल्स आएंगे ही नहीं, तो दाग भी नहीं होंगे.

ये भी पढ़ें: ऑयली स्किन से हर समय रहते हैं परेशान? घर पर बनाएं ये 3 टोनर, मिनटों में मिलेगा फ्रेश और ऑयल फ्री लुक


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Saurabh Poddar

सौरभ पोद्दार एक लाइफस्टाइल जर्नलिस्ट हैं और पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में एक्टिव हैं. उन्होंने रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया है. फिलहाल, सौरभ 'प्रभात खबर' के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बतौर कंटेंट राइटर काम कर रहे हैं. सौरभ को उन टॉपिक्स पर लिखना सबसे ज्यादा पसंद है, जो हमारी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हैं. उनके आर्टिकल्स में आपको हेल्थ, फिटनेस, स्किन-हेयर केयर, पेरेंटिंग, हेल्दी रेसिपीज, घरेलू नुस्खे, रिलेशनशिप और वास्तु शास्त्र जैसी उपयोगी जानकारियां मिलेंगी. फिटनेस और अच्छी सेहत सौरभ की निजी जिंदगी का भी अहम हिस्सा हैं. वे जिन विषयों पर लिखते हैं, उन्हें अपनी रूटीन में फॉलो भी करते हैं. उनका मानना है कि जब आप किसी चीज को खुद एक्सपीरियंस करते हैं, तभी दूसरों तक सही और प्रैक्टिकल जानकारी पहुंचा सकते हैं. उनकी हमेशा यही कोशिश रहती है कि वे ट्रेंडिंग टॉपिक्स पर बिल्कुल आसान और आम बोलचाल की हिंदी में लिखें, ताकि हर पाठक उसे आसानी से समझ सके. यही वजह है कि उनके लिखे आर्टिकल्स काफी एंगेजिंग और SEO-फ्रेंडली होते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >