घर में सो रहे किसान के चेहरे पर मारी गोली, हालत नाजुक

पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के हरैया गांव में कांदू टोला निवासी किसान कइलू साव को अपराधियों ने गोली मारी दी. गंभीर स्थिति में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में

पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के हरैया गांव में कांदू टोला निवासी किसान कइलू साव को अपराधियों ने गोली मारी दी. गंभीर स्थिति में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उसे मेदिनीनगर एमएमसीएच रेफर कर दिया गया. उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे यहां से रिम्स रेफर कर दिया गया. घटना गुरुवार रात करीब 9:30 बजे की है. सूचना मिलने के बाद प्रशिक्षु डीएसपी गौरव गोस्वामी और पांकी थाना प्रभारी पुलिस जवानों के साथ रात 11:00 बजे घटनास्थल पर पहुंचे. मौका-ए-वारदात से पुलिस ने खोखा बरामद किया है. बताया गया कि गुरुवार रात कइलू साव और उसकी पत्नी गौरा देवी खाना खाने के बाद नये मकान में सोने गये थे. दंपती चहारदीवारी के अंदर सोये हुए थे. उसी दौरान अपराधी चहारदीवारी फांदकर अंदर घुस गये और सो रहे कइलू साव के चेहरे पर गोली मार दी. वहीं, गोली का छर्रा उसकी पत्नी के दाहिने हाथ में लगा, जिससे वह भी जख्मी हो गयी. गौरा देवी का इलाज एमएमसीएच में किया गया.

कइलू के भतीजे ने नान्हू मोची पर जताया है शक :

कइलू के भतीजे अरविंद गुप्ता ने बताया कि गुरुवार शाम कइलू साव के घर में तीन-चार लोग आये थे और रात में घटना घट गयी. उसने बताया कि गोली चलने के बाद चाची गौरा देवी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. अरविंद ने बताया कि गोतिया राजदेव साव व उसकी पत्नी सुषमा देवी का नान्हू मोची के साथ विवाद चल रहा था. नान्हू मोची के बेटे की तबीयत हमेशा खराब रहती है. उसको शक है कि कइलू साव ओझा-गुणी का काम कराता है, जिससे उसके बेटे की तबीयत खराब रहती है. आशंका जतायी जा रही है कि इसी बात को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है. थाना प्रभारी उत्तम कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है. अपराधी जल्द ही पकड़े जायेंगे.