Samay Raina Controversy: कॉमेडी की दुनिया में अक्सर हंसी और विवाद के बीच एक पतली लाइन होती है. कई बार कलाकार उस लाइन को पार कर जाते हैं और फिर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो जाती है. इस बार ऐसा ही कुछ हुआ है स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना के साथ, जो अपने नए शो को लेकर चर्चा में हैं. करीब 14 महीने पहले ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के बाद समय रैना ने ‘Still Alive’ शो के जरिए जोरदार वापसी की है. यूट्यूब पर रिलीज होते ही यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया और पहले 24 घंटे में ही शानदार व्यूज बटोर लिए.
अमिताभ बच्चन को लेकर की टिप्पणी
लेकिन इस बार उनकी कॉमेडी ने उन्हें नई परेशानी में डाल दिया है. शो के दौरान समय रैना ने अमिताभ बच्चन को लेकर एक विवादित मजाक किया. उन्होंने कहा कि उनके दिमाग में कई बार ऐसे विचार आते हैं, जिन्हें वह बोलते नहीं हैं. इसी दौरान उन्होंने एक जोक शेयर किया, जिसमें उन्होंने अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को लेकर टिप्पणी की.
एजाज खान ने दी प्रतिक्रिया
हालांकि, समय ने साफ किया कि यह बात उन्होंने असल में कभी नहीं कही और इसे सिर्फ मजाक के तौर पर शो में बताया. बावजूद इसके, यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई और कई लोगों ने इसे अपमानजनक बताया. इस मामले पर अभिनेता एजाज खान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि ऐसे मजाक करना गलत है, खासकर जब बात इतने बड़े कलाकार की हो. उन्होंने इसे बदतमीजी बताया और कहा कि समय रैना को अपनी भाषा पर कंट्रोल रखना चाहिए.
उन्हें टारगेट करना ठीक नहीं
एजाज खान ने यह भी कहा कि अमिताभ बच्चन ने भारतीय सिनेमा को दशकों तक योगदान दिया है और उन्हें इस तरह टारगेट करना ठीक नहीं है. उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए. इस बीच यह भी चर्चा है कि अमिताभ बच्चन इस मजाक से नाराज हैं, हालांकि उनकी तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
यह भी पढे़ं: धुरंधर 2 पर कॉपीराइट का आरोप, दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा मामला
