June Theatrical Release: हर महीने फिल्मों की रिलीज होती है, लेकिन जून 2026 सिनेप्रेमियों के लिए खास होने वाला है. इस महीने बड़े स्टार्स और मच अवेटेड फिल्मों का जबरदस्त लाइनअप तैयार है. एक्शन, रोमांस, कॉमेडी और इमोशनल ड्रामा- हर तरह का मसाला दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने वाला है. आइए जानते हैं जून में रिलीज होने वाली प्रमुख फिल्मों के बारे में.
‘टॉक्सिक’ से होगी धमाकेदार शुरुआत
जून की शुरुआत होगी ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोनअप्स’ से, जिसमें यश मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. पहले यह फिल्म मार्च में रिलीज होने वाली थी, लेकिन परिस्थितियों के चलते इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई. अब यह 4 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया जैसे सितारे भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.
रोमांस का तड़का लगाएगी ‘कॉकटेल 2’
19 जून को रिलीज होगी कॉकटेल 2, जिसमें शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की तिकड़ी नजर आएगी. होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म रोमांटिक ड्रामा का नया रंग पेश करने वाली है. फैंस इस फिल्म को लेकर पहले से ही काफी उत्साहित हैं.
‘मैं वापस आऊंगा’ में इमोशंस का तड़का
12 जून को रिलीज होने वाली ‘मैं वापस आऊंगा’ भी चर्चा में है. इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी वाघ नजर आएंगे. फिल्म प्रेम, जुदाई और भावनाओं की गहरी कहानी को दर्शाएगी.
‘वेलकम टू द जंगल’ से होगा हंसी का धमाका
महीने के अंत में 26 जून को रिलीज होगी ‘वेलकम टू द जंगल’. अक्षय कुमार, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, परेश रावल समेत कई सितारों से सजी यह मल्टीस्टारर फिल्म दर्शकों को कॉमेडी का फुल डोज देने वाली है. इसका निर्देशन अहमद खान ने किया है.
कुल मिलाकर जून 2026 में हर हफ्ते अलग-अलग जॉनर की फिल्में रिली हो रही हैं, जो दर्शकों को भरपूर मनोरंजन देने के लिए तैयार हैं. ऐसे में यह महीना बॉक्स ऑफिस के लिए भी बेहद खास साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें: एक्शन के पीछे छिपी होगी गहराई, ‘टॉक्सिक’ पर यश ने किया बड़ा खुलासा
