कन्नड़ एक्टर दिलीप राज के निधन की खबर ने कन्नड़ फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 13 मई को अपने घर पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद दिलीप को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि उन्हें हार्ट अटैक आया था. दिलीप राज के निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस और सितारे उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. आइए आपको बताते हैं उनके बारे में.
ऋषभ शेट्टी समेत फैंस ने जताया दुख
ऋषभ शेट्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दिलीप राज को याद करते हुए भावुक पोस्ट शेयर किया. उन्होंने लिखा, “एक अच्छे अभिनेता, निर्देशक, निर्माता और सबसे बढ़कर एक अच्छे इंसान… भले ही हमारी मुलाकातें बहुत कम हुईं, लेकिन आपकी शख्सियत की छाप हमेशा मेरे दिल में रहेगी और कभी मिट नहीं पाएगी. आपकी आत्मा को शांति मिले.”
वहीं, एक फैन ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आज हमने सैंडलवुड का एक शानदार सितारा खो दिया. अभिनेता और निर्माता दिलीप राज ने महज 47 साल की उम्र में हार्ट अटैक की वजह से दुनिया को अलविदा कह दिया. उन्होंने सालों तक टीवी सीरियल ‘कंबाडा मने’, ‘जननी’ और फिल्मों ‘मिलाना’, ‘7 ओ क्लॉक’ जैसी कई शानदार परियोजनाओं से हमारा मनोरंजन किया. ‘लव मॉकटेल 3’ में उनका काम यह दिखाता है कि उनमें अभी बहुत कुछ बाकी था. दिलीप राज मेरे ऑल टाइम फेवरेट थे. आपके निभाए किरदार और यादें हमेशा हमारे साथ रहेंगी. आपका यूं अचानक चले जाना कन्नड़ सिनेमा के लिए बहुत बड़ी क्षति है.”
कौन थे दिलीप राज?
साल 1978 में जन्मे दिलीप राज ने अपने करियर की शुरुआत टीवी इंडस्ट्री में छोटे और सपोर्टिंग रोल्स से की थी. उन्होंने साल 2005 में फिल्म ‘बॉय फ्रेंड’ से फिल्मों में डेब्यू किया, लेकिन असली पहचान उन्हें 2007 में आई फिल्म ‘मिलाना’ से मिली. इस फिल्म में उन्होंने विलेन का किरदार निभाया था और फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी.
फिल्मों और टीवी की दुनिया में बनाया खास नाम
दिलीप राज ने 24 फिल्मों में काम किया. उनकी चर्चित फिल्मों में ‘यू टर्न’, ‘मिंचागी नी बारालु’, ‘क्रेजी स्टार’, ‘लक्ष्मी’ और ‘लूटी’ जैसी फिल्में शामिल हैं. वह इस साल रिलीज हुई ‘लव मॉकटेल 3’ में नजर आए थे. उन्होंने ‘हिटलर कल्याण’ और ‘रथसप्तमी’ जैसे टीवी शोज में उनका काम काफी पसंद किया गया. बाद में उन्होंने अपने प्रोडक्शन हाउस डीआर क्रिएशन्स के जरिए ‘विद्या विनायका’, ‘पारू’ और ‘हिटलर कल्याण’ जैसे शोज प्रोड्यूस किए. दिलीप डबिंग आर्टिस्ट के तौर पर भी मशहूर थे. उन्होंने फिल्म ‘आ दिनगलु’ में एक्टर चेतन कुमार के लिए अपनी आवाज दी थी.
यह भी पढ़ें- ‘राजा शिवाजी’ की कमाई 13वें दिन पहुंची कहां तक? रांची में इन थिएटर्स में चल रहे हैं शो
