Bhooth Bangla Box Office Collection Day 9: अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी बड़े पर्दे पर साथ नजर आई है. उनकी नई फिल्म ‘भूत बंगला’ 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और रिलीज के साथ ही इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत की. फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जिसकी वजह से यह रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ को भी कड़ी टक्कर देती दिखी.
दूसरे हफ्ते में भी बरकरार रही रफ्तार
sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, ‘भूत बंगला’ ने 9वें दिन 10.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. इस कलेक्शन के साथ ही फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन 100.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. वहीं, भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 120.10 करोड़ रुपये हो चुका है. फिल्म को देशभर में करीब 9,000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर दिखाया गया.
विदेशों में भी दिखा फिल्म का जलवा
केवल भारत ही नहीं, ‘भूत बंगला’ ने विदेशों में भी शानदार प्रदर्शन किया है. फिल्म ने शनिवार को करीब 4 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका कुल ओवरसीज कलेक्शन 41.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 161.60 करोड़ रुपये हो चुका है.
बाकी फिल्मों से मिली कड़ी टक्कर
जहां ‘भूत बंगला’ लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है, वहीं ‘धुरंधर 2’ ने उसी दिन करीब 2.95 करोड़ रुपये कमाए. इसके अलावा हॉलीवुड फिल्म ‘माइकल’ ने लगभग 5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. हालांकि इन दोनों फिल्मों के बीच ‘भूत बंगला’ का प्रदर्शन सबसे मजबूत बना हुआ है.
पुरानी हिट जोड़ी
इस फिल्म के जरिए प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की हिट जोड़ी एक बार फिर साथ आई है. इससे पहले दोनों ने ‘हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’, ‘भागम भाग’, ‘भूल भुलैया’, ‘दे दना दन’ और ‘खट्टा मीठा’ जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं. ‘भूत बंगला’ में अक्षय कुमार के साथ वामिका गब्बी, तब्बू, मिथिला पालकर, राजपाल यादव और जिशु सेनगुप्ता जैसे कलाकार भी हैं.
यह भी पढ़ें- ‘भूत बंगला’ का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा कायम, दूसरे वीकेंड में भी बरकरार रफ्तार
