भोजपुरी सिनेमा में इन दिनों ‘बवाल’ थमने का नाम नहीं ले रहा है. पर्दे पर अपनी अदाकारी से पहचान बनाने वाले भोजपुरी सितारे अब अपने बयानों और बेबाक अंदाज की वजह से सोशल मीडिया पर भी छाए हुए हैं. ‘भोजपुरी बवाल’ शो ने इस चर्चा को और हवा दे दी है. शो में कलाकारों के खुलासे और आपसी समीकरणों से जुड़े किस्सों ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं. अब लगता है कि इस बढ़ती लोकप्रियता पर Bigg Boss की टीम की भी नजर पड़ गई है.
खबर है कि ‘भोजपुरी बवाल’ के बाद भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित चेहरों को Bigg Boss की टीम अप्रोच कर रही है. इसी सिलसिले में भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी को भी शो के लिए कॉल आया था. हालांकि, काजल ने इस ऑफर को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है. ‘प्रभात खबर’ से खास बातचीत में एक्ट्रेस ने खुद इसकी वजह बताई है.
काजल राघवानी को आया Bigg Boss का कॉल
काजल राघवानी ने ‘प्रभात खबर’ को बताया कि Bigg Boss की टीम की ओर से उन्हें अप्रोच किया गया था. लेकिन फिलहाल वह दूसरे प्रोजेक्ट्स को लेकर पहले से कमिटेड हैं. ऐसे में उनके लिए Bigg Boss के घर में जाना संभव नहीं था.
काजल ने कहा, "मुझे Bigg Boss के लिए कॉल आया था, लेकिन मैं दूसरे प्रोजेक्ट्स से पहले ही कमिटमेंट कर चुकी थी."
हालांकि, यह अकेली वजह नहीं है. काजल ने शो को मना करने की दूसरी वजह जिस अंदाज में बताई, वह काफी दिलचस्प है.
‘दाल-चावल के लिए किच-किच नहीं हो पाएगी’
Bigg Boss के घर में खाना और राशन हमेशा से विवाद का बड़ा मुद्दा रहा है. घर में दाल-चावल से लेकर सब्जी और राशन तक को लेकर कंटेस्टेंट्स के बीच खूब बहस देखने को मिलती है. काजल को शायद इसी ‘किच-किच’ से सबसे ज्यादा परहेज है.
एक्ट्रेस ने मजाकिया अंदाज में कहा, "और शो का ना कहने का दूसरा कारण यही है कि मुझसे अब दाल-चावल के लिए किच-किच नहीं हो पाएगा."
काजल का यह जवाब भले ही मजाकिया हो, लेकिन यह Bigg Boss के घर के उस माहौल की ओर इशारा करता है जहाँ छोटी-छोटी बातें भी बड़े झगड़ों का रूप ले लेती हैं, और काजल शायद ऐसे विवादों से बचना चाहती हैं.
भोजपुरी सितारों की बढ़ी डिमांड
दरअसल, ‘भोजपुरी बवाल’ ने भोजपुरी इंडस्ट्री के कई चर्चित कलाकारों को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है. शो में हुई बातचीत, कलाकारों के खुलासे और बेबाक बयानों के छोटे-छोटे वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए. नतीजा यह हुआ कि भोजपुरी सितारों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा अचानक तेज हो गई.
इसका फायदा अब इंडस्ट्री और रियलिटी शो दोनों उठाना चाहते हैं. जिन कलाकारों की सोशल मीडिया पर चर्चा है, उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और फैन फॉलोइंग को देखते हुए रियलिटी शो के मेकर्स भी उन्हें अपने शो का हिस्सा बनाने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं.
आम्रपाली दुबे के नाम की भी तेज चर्चा
काजल राघवानी के Bigg Boss ऑफर के बीच भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे का नाम भी तेजी से सामने आ रहा है. चर्चा है कि आम्रपाली को भी Bigg Boss के लिए अप्रोच किया जा सकता है या शो में उनकी एंट्री को लेकर बातचीत चल रही है.
हालांकि, आम्रपाली दुबे के शो में जाने की बात अभी सिर्फ चर्चा है. न तो उन्होंने और न ही बिग बॉस की टीम ने इसकी पुष्टि की है.
फिलहाल इतना जरूर है कि ‘भोजपुरी बवाल’ के बाद भोजपुरी सितारों की लोकप्रियता ने नया जोर पकड़ा है. काजल राघवानी को Bigg Boss का ऑफर मिलना इसी बढ़ती चर्चा का एक बड़ा संकेत माना जा सकता है. हालांकि, काजल ने इस बार Bigg Boss के घर की दाल-चावल वाली किच-किच से दूरी बना ली है.
