पेयजल, निकासी, गंदगी समेत स्थानीय निकायों से जुड़ी समस्याओं से जूझता रहा हैं दमदम लोकसभा केंद्र

दमदम लोकसभा का क्षेत्र महानगर से करीब आठ किलो मीटर दूर बरानगर क्षेत्र से शुरू हो जाता है. वहीं, कोलकाता के उत्तर-पूर्व की ओर विधाननगर के कुछ क्षेत्र से शुरू होता है.

देश में चल रहे लोकसभा चुनाव के 7वें और अंतिम चरण की वोटिंग आगामी एक जून को है. उस दिन आठ राज्यों की 57 सीटों पर मतदान हैं, जिसमें पश्चिम बंगाल की नौ लोकसभा सीटें भी हैं. महानगर की तीन सीटें और उससे सटी दो 24 परगनाओं की तीन-तीन सीटें हैं. इनमें सबसे महत्वपूर्ण चर्चा वाली सीट उत्तर 24 परगना की बशीरहाट (संदेशखाली) के अलावा बारासात और दमदम लोकसभा सीट भी शामिल है.

दमदम लोकसभा की अधिकांश आबादी शहरी

दमदम लोकसभा क्षेत्र, उत्तर 24 परगना जिले का ऐसा लोकसभा सीट है, जहां की अधिकांश आबादी शहरी है. इसके बावजूद पेयजल, निकासी, गंदगी समेत अन्य तमाम निकायों से जुड़ी समस्याएं ही यहां की सबसे बड़ी समस्याओं में शामिल हैं, जिसका एक उदाहरण चुनावी प्रचार में तृणमूल के प्रत्याशी को जल जमाव की समस्या को देख नाले में बांस से सफाई करते देखा गया था. यहीं नहीं जल जमाव के कारण ही बारिश के दौरान डेंगू-मलेरिया जैसे समस्याएं भी देखी जाती है. जिसे लेकर निकायों को तत्परता के बावजूद भी इन क्षेत्रों से शिकायतें आती रहती है, तो कई बार लोगों को सड़कों पर उतर कर विरोध करते भी देखा गया है.

दमदम लोकसभा क्षेत्र में हैं 7 विधानसभा

दमदम लोकसभा का क्षेत्र महानगर से करीब आठ किलो मीटर दूर बरानगर क्षेत्र से शुरू हो जाता है. वहीं, कोलकाता के उत्तर-पूर्व की ओर विधाननगर के कुछ क्षेत्र से शुरू होता है. दमदम लोकसभा क्षेत्र में 7 विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत खड़दह नगरपालिका, पानीहाटी नगरपालिका, न्यू बैरकपुर, नार्थ दमदम नगरपालिका, कमरहाटी नगरपालिका, बरानगर नगरपालिका, दक्षिण दमदम, दमदम नगरपालिकाओं के अधिकांश क्षेत्र आते हैं, तो वहीं महानगर से सटे विधाननगर नगर निगम के करीब आधे से कुछ कम वार्ड भी शामिल है. दमदम लोकसभा सीट के अधीन आनेवाली सात विधानसभा क्षेत्रों में खड़दह, दमदम, कमरहाटी, पानीहाटी, राजारहाट गोपालपुर, दमदम उत्तर, बारानगर विधानसभा शामिल हैं.

इस बार के चुनावी मैदान में दमदम लोकसभा सीट से तृणमूल के तीन बार से जीत रहे तृणमूल के वरिष्ठ नेता सौगत राय को पुन: चौथी बार उतारा गया है, तो वहीं भाजपा से शीलभद्र दत्त, जो एक समय में तृणमूल में हुआ करते थे. वहीं कांग्रेस और वाममोर्चा गठबंधन माकपा उम्मीदवार सुजन चक्रवर्ती को चुनावी मैदान उतारा हैं. इनके बीच ही मुकाबला है.

दमदम लोकसभा क्षेत्र के मुद्दे

जल जमाव की समस्या, पेयजल की किल्लत, सड़कों की बदहाली, गंदगी की समस्या, बारिश के दौरान मच्छर जनित रोगों का प्रकोप, अवैध निर्माण समेत अन्य समस्याएं है.

दमदम संसदीय क्षेत्र का चुनावी इतिहास

गत 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर 76.88 प्रतिशत मतदान हुआ था, जिसमें तृणमूल से सौगत रॉय को 5,12,062 वोट, भाजपा के शमिक भट्टाचार्य को 4,59,063 वोट, सीपीआई (एम) के नेपालदेव भट्टाचार्य को 1,67,590 वोट, कांग्रेस के सौरव साहा को 29,097 वोट मिले थे. हार-जीत का अंतर लगभग 53 हजार वोटों का था.

इसी तरह से गत 2014 के लोकसभा में तृणमूल के सौगत रॉय को इस सीट से 4,83,244 वोट मिले थे. उन्होंने सीपीआई (एम) के असीम दासगुप्ता को पराजित किया था. पूर्व वित्त मंत्री असीम दासगुप्ता को 3,28,310 वोट मिले थे. भाजपा के तपन सिकदर को 2,54,819 वोट, कांग्रेस के धनंजय मोइत्रा को 34,116 वोट मिले थे.

इसी तरह से 2009 के लोकसभा चुनाव में तृणमूल के सौगत रॉय 4,58,988 वोट के साथ 47.04 फीसदी मत पाकर विजयी रहे. सीपीआई (एम) के अमिताभ नंदी को 4,38,510 वोट और भाजपा के तपन सिकदर को 55,679 वोट मिले थे. साल 2004 के लोकसभा चुनाव में माकपा के अमिताभ नंदी ने भाजपा के तपन सिकदर को पराजित किया था.

दमदम संसदीय क्षेत्र की सभी सीटों पर रहा है तृणमूल का कब्जा

दमदम लोकसभा के अधीन सात विधानसभा क्षेत्रों में खड़दह, दमदम, कमरहाटी, पानीहाटी, राजारहाट गोपालपुर, दमदम उत्तर, बारानगर इन सभी विधानसभा सीटों पर तृणमूल का कब्जा रहा है. गत 2021 के विधानसभा चुनाव में दमदम संसदीय क्षेत्र से सातों विधानसभा पर तृणमूल विधायक ही जीते थे. दमदम उत्तर से चंद्रिमा भट्टाचार्य, पानीहाटी से निर्मल घोष, कमरहाटी से मदन मित्रा, दमदम से ब्रात्य बसु और राजारहाट-गोपालपुर से अदिति मुंशी.

वहीं बारानगर से तृणमूल के विधायक तापस रॉय थे लेकिन फिलहाल वह तृणमूल से भाजपा में शामिल होकर कोलकाता उत्तर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे है. वहीं खड़दह से तृणमूल के काजल सिन्हा जीते थे, जिनकी 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद ही मौत हो गयी थी, उसी साल उपचुनाव में वहां से तृणमूल के शोभनदेव चट्टोपाध्याय जीते.

कभी इसी सीट से भाजपा ने खोला था पहला खाता

1977 में अस्तित्व में आयी दमदम संसदीय सीट पर आज भले ही दमदम सीट पर तृणमूल का कब्जा है लेकिन कभी भाजपा का कमल बंगाल में सर्वप्रथम 1998 में इसी सीट से खिला था. उस वर्ष के लोकसभा चुनाव में दमदम से सांसद निर्वाचित होकर तपन सिकदर बंगाल के पहले भाजपा सांसद बने थे. वही दोबारा 1999 के लोकसभा चुनाव में भी दमदम से ही सांसद निर्वाचित हुए थे. 12वीं और 13वीं लोकसभा का चुनाव में बंगाल से भाजपा के मात्र एक सांसद ही लोकसभा पहुंचे थे. मगर, 2004 में दमदम लोकसभा सीट भाजपा के हाथ से निकल गयी, जो आज तक वापस नहीं आयी. माकपा का लंबे समय तक कब्जा था और अब तृणमूल का कब्जा है.

दमदम क्षेत्र का इतिहास

दमदम संसदीय क्षेत्र का इतिहास से गहरा नाता रहा है. गत छह फरवरी 1757 को बंगाल के नवाब ने दमदम में एक समझौते पर हस्ताक्षर किया था, जिसमें अंग्रेजों को कलकत्ता, ढाका और कासिम बाजार में किले बनाने की अनुमति दी गयी थी. साल 1783 में दमदम में एक छावनी की स्थापना की गयी थी. सैन्य बैरकें बनायी गयी थीं. साल 1857 के विद्रोह के दौरान दमदम में तैनात भारतीय सिपाही प्रभावित हुए थे. साल 1947 में बंगाल के विभाजन के साथ तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान से लाखों शरणार्थी आये, जो दमदम और पानीहाटी क्षेत्र के अलावा जादवपुर, कसबा, संतोषपुर, गरिया और बेहाला के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में बस गये. बाद में सरकारी मदद से कॉलोनी बसी.

इन प्रत्याशियों के बीच ऐसे चल रही है जुबानी जंग

भाजपा उम्मीदवार शीलभद्र कहते हैं कि मुख्यमंत्री का फेस वेल्यू अब नहीं है. उनके चेहरे पर राशन घोटाला, नौकरी घोटाला और भ्रष्टाचार की छवि दिखती है. वहीं माकपा प्रत्याशी सुजन चक्रवर्ती पर बार-बार तृणमूल नेताओं में मदन मित्रा से लेकर उम्मीदवार सौगत राय उनके सिर के बाल को लेकर कटाक्ष करते हैं. कभी सौगत राय कहते हैं कि उनके (सुजन चक्रवर्ती) के सिर का बाल कार्बाइड से पकाया हुआ है, तो कभी मदन मित्रा कटाक्ष करते है कि उनका सफेद बाल काला कर देंगे.

हालांकि, सुजन चक्रवर्ती पलटवार करते हुए राजनीतिक मुद्दों को लेकर भाजपा और तृणमूल पर कटाक्ष करते हैं. भाजपा उम्मीदवार शीलभद्र दत्त ने कहा है कि दमदम लोकसभा क्षेत्र में कोई काम नहीं हुआ है, जिस कारण से लोगों को मोदी की गारंटी पर भरोसा है. दमदमवासी भ्रष्टाचारियों को मौका नहीं देना चाहते है. इसलिए जनता भाजपा के साथ है. वहीं माकपा के प्रत्याशी सुजन चक्रवर्ती ने कहा है कि जनता को माकपा पर भरोसा है. जनता तृणमूल और भाजपा दोनों को ही नकार कर यहां से माकपा को जीत दिलायेगी. वहीं तृणमूल प्रत्याशी सौगत राय कहते है कि दीदी पर लोगों का भरोसा है और लोग तृणमूल को ही वोट देंगे. दीदी लक्ष्मी भंडार से लेकर अन्य योजनाओं से लोगों को लाभ मिल रहा है.

इसे भी पढ़ें

कोलकाता दक्षिण से पहले सांसद थे एसपी मुखर्जी, ममता बनर्जी के गढ़ में अब भाजपा कर रही जोर आजमाइश

Lok Sabha Election 2024 : तृणमूल का गढ़ रहा है दक्षिण कोलकाता सीट, छह बार यहां से सांसद चुनी गयी हैं ममता बनर्जी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mithilesh Jha

मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >