NEET UG 2026 परीक्षा के बाद सोशल मीडिया पर पेपर लीक से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो को लेकर छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता बढ़ गई है. हालांकि, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह फर्जी (Fake) बताया है.
NTA ने नोटिस जारी कर दी जानकारी
NTA ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में दिखाया गया क्वेश्चन पेपर असली नहीं है. एजेंसी के मुताबिक, हर प्रश्नपत्र पर एक खास वॉटरमार्क और आईडी होती है, जिससे यह पता लगाया जा सकता है कि पेपर किस छात्र को जारी किया गया था. NTA ने कहा कि उनके पास इस बात की पूरी जानकारी है कि संबंधित आईडी वाला पेपर किसे दिया गया था.
एजेंसी ने यह भी कहा कि इस मामले की गहन जांच कराई जा रही है. अगर यह वीडियो जानबूझकर फर्जी तरीके से बनाया गया पाया जाता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
3 मई को हुई थी परीक्षा
बता दें कि NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को देशभर में आयोजित की गई थी. करीब 22,05,035 छात्रों ने परीक्षा दी थी. यह सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक है. ऐसे में नीट परीक्षा में इस तरह की गड़बड़ी बड़ा सवाल खड़ा करती है.
NTA ने दी सलाह
सभी नीट स्टूडेंट्स को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी तरह की फेक खबर पर विश्वास न करें और NTA की ऑफिशियल वेबसाइट को देखें. NTA ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी जानकारी या सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें. केवल आधिकारिक वेबसाइट और विश्वसनीय स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें.
यह भी पढ़ें- भाई CBSE का अपडेट तो दो! 12वीं के छात्रों की बढ़ी बेचैनी, X पर कॉमेंट की आई बहार
