शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन धड़ाम, सेंसेक्स ने लगाया 550.85 अंकों का बड़ा गोता

Stock Market: एशिया के प्रमुख बाजारों में जापान के निक्केई225, हांगकांग के हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में सकारात्मक रुख देखा गया. अमेरिकी और यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला रुख दिखाई दे रहा है.

Stock Market: एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख के बावजूद घरेलू शेयर बाजार सोमवार 7 अक्टूबर 2024 को लगातार तीसरे दिन धड़ाम हो गया. कारोबार के आखिर में बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 550.85 अंक या 0.67% का गोता लगाकर 81,137.60 अंक पर बंद हुआ. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 218.85 अंक या 0.87% फिसलकर 24,795.75 अंक पर पहुंच गया. इससे पहले, शुक्रवार को सेंसेक्स 808.65 अंक या 0.98% गिरकर 81,688.45 अंक और निफ्टी 200.25 अंक या 0.79% फिसलकर 25,049.85 अंक पर बंद हुए थे. इन दोनों सूचकांकों में सबसे बड़ी गिरावट गुरुवार को आई थी.

अदाणी पोर्ट्स को सबसे अधिक नुकसान

शेयर बाजार के उथल-पुथल में सोमवार को बीएसई सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से 23 शेयर नुकसान में रहे. इसमें सबसे अधिक नुकसान अदाणी पोर्ट्स को हुआ. इसका शेयर 4.17% गिरकर 1354.10 रुपये प्रति शेयर के स्तर पर पहुंचकर बंद हुआ. इसके अलावा, बीएसई सेंसेक्स में नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन, भारतीय स्टेट बैंक, पावरग्रिड, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, जेएसडब्ल्यू स्टील, नेस्ले इंडिया, लार्सन एंड ट्रुबो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, मारुति सुजुकी इंडिया, सनफार्मा, टाटा मोटर्स, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और एशियन पेंट्स के शेयर भी घाटे में रहे.

बीएसई सेंसेक्स में सिर्फ सात कंपनियों को मुनाफा

वहीं, बीएसई सेंसेक्स की सात कंपनियों के शेयरों को मुनाफा भी हुआ है. इसमें सबसे अधिक मुनाफा महिंद्रा एंड महिंद्रा को हुआ. इसका शेयर 1.46% उछलकर 3061.15 रुपये प्रति शेयर के स्तर पर पहुंच गया. इसके अलावा, लाभ कमाने वाली कंपनियों में आईटीसी, भारती एयरटेल, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, टीसीएस और टेक महिंद्रा शामिल हैं.

इसे भी पढ़ें: सरकार की इस नवरत्न कंपनी का महाधमाका, एक्स-बोनस ट्रेड में 2 पर 1 शेयर फ्री

एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख

एशिया के प्रमुख बाजारों में जापान के निक्केई225, हांगकांग के हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में सकारात्मक रुख देखा गया. अमेरिकी और यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला रुख दिखाई दे रहा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.15% बढ़कर 2,656.76 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गया. वैश्विक तेल बाजार में ब्रेंट क्रूड 2.37% की मजबूती के साथ 79.90 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा है.

इसे भी पढ़ें: एसआईपी नहीं…एलआईसी एमएफ में लगाएं सिर्फ 5000 रुपये, 1.75 करोड़ से अधिक की कमाई

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >