बॉस अब नहीं करा पाएंगे मुफ्त में काम, ओवरटाइम का मिलेगा डबल पैसा

New Labour Code 2026:1 अप्रैल 2026 से नया लेबर कोड लागू हो गया है. अब ओवरटाइम करने पर आपको दोगुना पैसा मिलेगा. जानिए आपकी सैलरी और पीएफ पर इस नए नियम का क्या असर पड़ेगा.

New Labour Code 2026: 1 अप्रैल, 2026 से भारत में काम करने के तरीके और सैलरी के नियम पूरी तरह बदल गए हैं. सरकार ने नया ‘कोड ऑन वेजेज’ लागू कर दिया है, जिसका सीधा असर आपकी जेब और ऑफिस के घंटों पर पड़ने वाला है. इस बदलाव का सबसे बड़ा आकर्षण है—ओवरटाइम की डबल पेमेंट. आइए आसान भाषा में समझते हैं कि ये नए नियम आपके लिए क्या खुशखबरी और क्या चुनौतियां लेकर आए हैं.

क्या अब ओवरटाइम से बढ़ेगी आपकी पॉकेट मनी?

नए नियमों के मुताबिक, अगर कोई कर्मचारी अपनी शिफ्ट के तय घंटों से ज्यादा काम करता है, तो उसे हर एक्स्ट्रा घंटे के लिए दोगुनी सैलरी मिलेगी. यानी अगर आप एक घंटा ज्यादा काम करते हैं, तो आपको दो घंटे के बराबर पैसे मिलेंगे. इतना ही नहीं, अब छोटे-छोटे टाइम को भी गिना जाएगा. अगर आपने अपनी शिफ्ट खत्म होने के बाद 15 से 30 मिनट भी एक्स्ट्रा काम किया, तो उसे पूरे 30 मिनट का ओवरटाइम माना जाएगा. हफ्ते में काम करने की लिमिट 48 घंटे तय की गई है. हालांकि, कंपनियां एक दिन की शिफ्ट को ब्रेक मिलाकर 12 घंटे तक बढ़ा सकती हैं, लेकिन उन्हें साप्ताहिक लिमिट का ध्यान रखना होगा.

आपकी इन-हैंड सैलरी कम क्यों हो सकती है?

सैलरी के स्ट्रक्चर में भी एक बड़ा बदलाव किया गया है. अब आपकी ‘बेसिक पे’ (Basic Pay) आपकी कुल सैलरी (CTC) का कम से कम 50% होनी चाहिए. इसका मतलब यह है कि भत्ते (Allowances) अब 50% से ज्यादा नहीं हो सकते.

इसका असर दो तरह से होगा:

  1. पीएफ और ग्रेच्युटी में इजाफा: चूंकि आपका पीएफ (PF) बेसिक सैलरी पर कटता है, इसलिए अब आपकी सेविंग्स बढ़ जाएगी. रिटायरमेंट के समय आपको मोटा फंड मिलेगा.
  2. इन-हैंड सैलरी में कमी: पीएफ ज्यादा कटने की वजह से हर महीने घर आने वाली सैलरी (Take-home pay) में थोड़ी गिरावट आ सकती है.

इस बदलाव से सबसे ज्यादा फायदा किसे होगा?

इस सुधार का सबसे बड़ा फायदा ब्लू-कॉलर वर्कर्स (फैक्ट्री और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के कर्मचारी) को मिलेगा. इन सेक्टर्स में अक्सर ज्यादा घंटों तक काम लिया जाता था, लेकिन अब डबल पे और सटीक रिकॉर्ड-कीपिंग की वजह से उनकी कमाई में तगड़ा उछाल आने की उम्मीद है. वहीं, व्हाइट-कॉलर कर्मचारियों (ऑफिस जॉब्स) के लिए स्थिति थोड़ी अलग हो सकती है. कई प्राइवेट कंपनियों में ओवरटाइम का कल्चर नहीं होता, इसलिए उन्हें शायद एक्स्ट्रा कैश न मिले, लेकिन उनकी लॉन्ग-टर्म सेविंग्स (PF) जरूर बढ़ जाएगी.

क्या कंपनियों के लिए बढ़ गई है सख्ती?

सरकार ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कंपनियों पर लगाम कसी है. अब कंपनियों को हर कर्मचारी के काम के घंटों का सही रिकॉर्ड रखना होगा. साथ ही, अगर कोई कर्मचारी नौकरी छोड़ता है या उसे निकाला जाता है, तो कंपनी को उसका पूरा हिसाब (ओवरटाइम समेत) तुरंत क्लियर करना होगा.

ये भी पढ़ें: टैक्स का टेंशन छोड़िए, सैलरी हो या बिजनेस, जानिए कब तक भरना है ITR

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Soumya Shahdeo

सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >