Fish Farming: आज के समय में ट्रेडिशनल फसलों के बजाय मछली पालन कमाई का एक बहुत बड़ा जरिया बन गया है. अगर आप भी खेती में कुछ नया और बड़ा करना चाहते हैं तो मछली पालन आपके लिए सबसे अच्छा बिजनेस हो सकता है. आप यह जानकर चौंक जाएंगे कि मछली का उत्पादन करने के लिए सरकार प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना(PMMSY)के तहत 60% तक सब्सिडी देती है.
क्यों बढ़ रही है मछली पालन की डिमांड?
दुनिया भर में मछली खाने वालों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन नदियों और समुद्र में मछलियां कम होती जा रही हैं. यही वजह है कि अब तालाब बनाकर मछली पालने का काम बहुत तेजी से बढ़ रहा है. भारत से बाहर भी मछली की भारी मांग है, जिससे इसे एक्सपोर्ट करके अच्छा पैसा कमाया जा सकता है. एक एकड़ के तालाब से आप साल भर में 5 से 8 लाख रुपये तक की बचत आसानी से कर सकते हैं.
कमाई बढ़ाने वाली मछलियों की किस्में
बाजार की मांग को समझकर मछली पालना ही असली समझदारी है. हमारे देश में रोहू, कतला, मृगल और पंगास जैसी मछलियां खूब बिकती हैं. अगर आपके पास जगह की कमी है, तो आप मुर्रेल या सिंघी पाल सकते हैं क्योंकि इनका रेट बहुत ज्यादा मिलता है. वहीं खारे पानी वाले इलाकों में झींगा (प्रॉन) पालना सोने पर सुहागा है, क्योंकि इसे सीधे विदेशों में बेचा जाता है.
खाने का खर्च घटाने के देसी और स्मार्ट तरीके
मछली पालन में सबसे ज्यादा पैसा उनके चारे पर खर्च होता है. इसे कम करने के लिए आप तालाब में अजोल्ला जैसी कुदरती घास उगा सकते हैं. इसके अलावा, सरसों की खली और चावल की भूसी मिलाकर घर पर बना सस्ता चारा भी दिया जा सकता है. अगर आप तालाब के ऊपर बत्तख या मुर्गी पालन करते हैं, तो उनकी गंदगी पानी में जाकर मछलियों के लिए प्राकृतिक भोजन तैयार कर देती है, जिससे चारे की लागत काफी हद तक कम हो जाती है.
ज्यादा मुनाफे के लिए कहां बेचें माल?
अगर आप ज्यादा पैसा कमाना चाहते हैं, तो मछलियों को अपने फार्म से बेचने के बजाय सीधे मंडी ले जाएं. ताजी मछलियां बेचने के लिए अपनी छोटी वैन या दुकान शुरू करना और भी फायदेमंद रहता है. इसके अलावा, मछली का अचार या पैकेट बंद मीट (फिलेट) बनाकर बेचने से आपकी कमाई कई गुना बढ़ सकती है.
तालाब के साथ एक्स्ट्रा आमदनी
मछली पालन सिर्फ मछली तक सीमित नहीं है. आप तालाब की किनारों पर नींबू, सेब या बेर के पेड़ लगाकर अलग से कमाई कर सकते हैं. इसके अलावा, तालाब का जो पानी होता है वह खाद का काम करता है, जिसे अपनी फसलों में डालने से पैदावार और बढ़ जाती है. अगर आपके पास जमीन कम है, तो आप बायोफ्लॉक (Biofloc) जैसी नई तकनीक अपना सकते हैं, जिसमें छोटे टैंकों में ही हजारों मछलियां पाली जा सकती हैं.
सरकार से मिलने वाली भारी मदद
सरकार मछली पालकों को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चला रही है:
- प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के तहत 40% से 60% तक की सब्सिडी मिलती है.
- मछली पालन के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए सस्ता लोन उपलब्ध है.
- KVK या CIFA जैसे संस्थानों से 5-7 दिन की ट्रेनिंग जरूर लें.
- इस साल से सरकार नई योजनाओं के जरिए बीमा और छोटे लोन की सुविधा भी दे रही है.
कैसे करें आवेदन?
- PMMSY पोर्टल पर SSO ID से रजिस्ट्रेशन करें.
- फिशरीज डिपार्टमेंट द्वारा आवेदन की जांच और अनुमति मिलेगी.
- अनुमति के बाद तालाब निर्माण करें और जिओ-टैगिंग प्रूफ भेजें.
- ग्रांट राशि सीधे बैंक अकाउंट में भेज दी जाएगी.
Also Read: बजट 2026 से पहले आएगी खुशखबरी या करना होगा इंतजार? 22वीं किस्त को लेकर बड़ा अपडेट
