EPF Withdrawal New Rules 2026: सैलरी से कटने वाला पीएफ (PF) सिर्फ एक बचत नहीं, बल्कि आपके रिटायरमेंट की सबसे बड़ी ताकत है. कई लोग इसे बैंक बैलेंस की तरह समझते हैं और जब मन चाहे पैसा निकालना चाहते हैं. लेकिन ईपीएफओ (EPFO) के नियम काफी सख्त हैं. आप अपनी मर्जी से हर काम के लिए यह पैसा खर्च नहीं कर सकते.
नौकरी के दौरान नहीं मिलता पूरा पैसा
सबसे बड़ी गलतफहमी यह है कि लोग सोचते हैं कि वे नौकरी करते हुए अपना पूरा पीएफ बैलेंस निकाल लेंगे. नियम के मुताबिक, फुल सेटलमेंट तभी होता है जब आप रिटायर हो जाएं या कम से कम दो महीने तक बेरोजगार रहें. नौकरी में रहते हुए आप सिर्फ कुछ खास स्थितियों में ही आंशिक (Partial) निकासी कर सकते हैं.
शौक या लाइफस्टाइल के लिए नो एंट्री
- पीएफ का पैसा आपकी भविष्य की सुरक्षा के लिए है, न कि रोजमर्रा के खर्चों के लिए.
- आप नया मोबाइल खरीदने, छुट्टियां मनाने या लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए पीएफ से पैसे नहीं निकाल सकते.
- गाड़ी खरीदने या घर की सजावट जैसे खर्चों के लिए भी नियमों में अनुमति नहीं है.
- पीएफ का असली मकसद आपके बुढ़ापे को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाना है.
निवेश या लोन चुकाने की मनाही
कई लोग पीएफ के पैसे को बैकअप फंड मानकर उससे शेयर बाजार या म्यूचुअल फंड में निवेश करना चाहते हैं. लेकिन सरकारी नियमों के अनुसार, इन्वेस्टमेंट या किसी पुराने लोन को चुकाने के लिए पीएफ की रकम का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता. यह पैसा केवल इमरजेंसी और बेहद जरूरी हालातों के लिए रिजर्व रखा जाता है.
टैक्स और टीडीएस का गणित
अगर आप टैक्स बचाने के चक्कर में 5 साल की सर्विस से पहले पीएफ का पैसा निकालते हैं, तो सावधान हो जाएं. यदि निकाली गई रकम 50,000 रुपये से ज्यादा है, तो उस पर टीडीएस (TDS) कटेगा ही. सिर्फ फॉर्म भरने से आप इस टैक्स लायबिलिटी से पूरी तरह नहीं बच सकते.
Also Read: 1 अप्रैल से बदल जाएगा पैन कार्ड बनवाने का तरीका, अब सिर्फ आधार कार्ड से नहीं बनेगा काम
