ईरान-अमेरिका में सुलह की सुगबुगाहट, $114 से लुढ़ककर $107 पर आया कच्चा तेल

Crude Oil Prices Today: ट्रंप के शांति समझौते की खबर से तेल की कीमतें लुढ़क गई हैं. अमेरिकी नौसेना ने हॉर्मुज में जहाजों का रेस्क्यू रोका है.

Crude Oil Prices Today: बुधवार, 6 मई 2026 की सुबह ग्लोबल मार्केट से राहत की खबर आई है. अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के संकेतों में नरमी आने के बाद कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है.  भारतीय समयानुसार आज सुबह ब्रेंट क्रूड लगभग 107 डॉलर प्रति बैरल के पास आ गया, जो कि कल तक 114 डॉलर के करीब पहुंच गया था.

क्यों गिर रहे हैं कच्चे तेल के दाम?

तेल की कीमतों में इस गिरावट की मुख्य वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान है. ट्रंप ने ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को फिलहाल रोकने का फैसला किया है. इस प्रोजेक्ट के तहत अमेरिकी नौसेना स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से जहाजों को सुरक्षित बाहर निकाल रही थी. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर बताया कि ईरान के साथ शांति समझौते को लेकर बड़ी प्रगति हुई है, इसलिए जहाजों की आवाजाही को कुछ समय के लिए रोका गया है ताकि समझौते को अंतिम रूप दिया जा सके. हालांकि, हॉर्मुज की नाकेबंदी (Blockade) अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है.

क्या युद्ध का पहला चरण खत्म हो गया?

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बयान ने भी बाजार को शांत करने का काम किया है. रुबियो के अनुसार, ईरान में अमेरिका और इजरायल का सैन्य अभियान जिसे ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ (Operation Epic Fury) नाम दिया गया था, अपने लक्ष्यों को पूरा करने के बाद अब समाप्ति की ओर है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका अब युद्ध के बजाय शांति के रास्ते पर चलना चाहता है. इस खबर के आते ही निवेशकों ने राहत की सांस ली और तेल की बिकवाली शुरू हुई, जिससे कीमतें नीचे आईं. 

बाजार के ताजा आंकड़े क्या कहते हैं?

आज सुबह ब्रेंट क्रूड 2.34% गिरकर 107.89 डॉलर पर ट्रेड कर रहा है. पिछले 5 दिनों में इसमें लगभग 8.5% की कमी आई है. वहीं, अमेरिका का WTI क्रूड भी 1.68% की गिरावट के साथ 100.59 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है. भले ही दाम कल के मुकाबले कम हुए हैं, लेकिन पिछले हफ्ते की तुलना में ये अभी भी काफी ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं, जिससे बाजार में अभी भी थोड़ी चिंता बनी हुई है.

ये भी पढ़ें: शेयर मार्केट में लौटी हरियाली, इंडिगो और कोफोर्ज के शेयरों में लगी लॉटरी 

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Soumya Shahdeo

सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >