Special FD Schemes: अगर आप अपने पैसों को बिना किसी रिस्क के बढ़ाना चाहते हैं, तो यह खबर आपके काम की है. इस समय बैंकिंग सेक्टर में फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरें काफी मजबूत बनी हुई हैं. आम तौर पर बैंकों में FD पर 2.5% से 8% सालाना तक ब्याज मिल रहा है. लेकिन कई सरकारी और प्राइवेट बैंक ग्राहकों को रिझाने के लिए कुछ खास दिनों (Unique Tenures) वाली ‘स्पेशल FD स्कीम्स’ लेकर आए हैं, जिनमें नॉर्मल से ज्यादा ब्याज मिल रहा है.
क्या होती हैं स्पेशल FD स्कीम्स?
स्पेशल FD किसी खास समय या सीमित अवधि के लिए लॉन्च की जाने वाली योजनाएं हैं. इनमें दिन थोड़े अलग होते हैं, जैसे 444 दिन, 555 दिन या 700 दिन. इन स्कीम्स में आम FD के मुकाबले 10 से 50 बेसिस पॉइंट्स (0.10% से 0.50%) तक ज्यादा ब्याज मिलता है. इसमें सीनियर सिटीजंस (60 साल से ऊपर) और सुपर सीनियर सिटीजंस (80 साल से ऊपर) को एक्स्ट्रा ब्याज का फायदा दिया जाता है. हालांकि, ध्यान रहे कि समय से पहले पैसे निकालने (Premature Withdrawal) पर आपको पेनल्टी देनी पड़ सकती है, जिससे आपका मुनाफा कम हो जाएगा.
444 दिनों वाली स्कीम में कहां है सबसे ज्यादा फायदा?
इस समय 444 दिनों की अवधि वाली स्पेशल FD सबसे ज्यादा पॉपुलर हैं. मुख्य बैंकों के आंकड़े इस प्रकार हैं:
- SBI अमृत वृष्टि: इसमें 444 दिनों के लिए आम जनता को 6.45%, सीनियर सिटीजन को 6.95% और सुपर सीनियर सिटीजन को 7.05% ब्याज मिल रहा है. इसमें 1,000 रुपये से 3 करोड़ रुपये तक निवेश, लोन और ओवरड्राफ्ट की सुविधा उपलब्ध है.
- Indian Bank IND Secure: इस स्कीम में आम जनता को 6.60%, सीनियर सिटीजन को 7.10% और सुपर सीनियर को 7.35% ब्याज दिया जा रहा है. 444 दिनों की श्रेणी में यह सबसे ज्यादा ब्याज देने वाली योजना है.
- Bank of Baroda बॉब स्क्वायर ड्राइव: यह दो विकल्पों में है. कॉलेबल (Callable) में आम जनता को 6.45% और सुपर सीनियर को 7.05% ब्याज मिलता है. नॉन-कॉलेबल (Non-Callable) में ब्याज थोड़ा ज्यादा है (आम जनता: 6.50%, सुपर सीनियर: 7.10%) लेकिन इसमें समय से पहले पैसे निकालने की अनुमति नहीं होती.
लंबे समय के लिए कौन से ऑप्शन हैं?
अगर आप थोड़े और ज्यादा दिनों के लिए पैसा लॉक करना चाहते हैं, तो IDBI बैंक की स्पेशल FD बेहतरीन ऑप्शन दे रही हैं:
- 555 दिनों की FD: इसमें आम जनता को 6.40%, सीनियर सिटीजन को 6.90% और सुपर सीनियर को 7.05% ब्याज मिल रहा है.
- 700 दिनों की FD: इसमें आम जनता को 6.45%, सीनियर सिटीजन को 6.95% और सुपर सीनियर को 7.10% ब्याज दिया जा रहा है.
पर्यावरण की चिंता के साथ कमाई कैसे होगी?
बाजार में अब एक नया ट्रेंड ‘ग्रीन फिक्स्ड डिपॉजिट’ (Green FDs) का आया है. इन स्कीम्स में जमा किए गए पैसों का इस्तेमाल बैंक सिर्फ पर्यावरण के अनुकूल (जैसे रिन्यूएबल एनर्जी और सस्टेनेबल प्रोजेक्ट्स) कामों में करते हैं:
- IDBI वसुंधरा ग्रीन डिपॉजिट: 1,111 दिनों की इस स्कीम में आम नागरिकों को 6.35% और बुजुर्गों को 6.85% ब्याज मिलता है.
- SBI ग्रीन रुपी टर्म डिपॉजिट: यह स्कीम 1,111 दिन, 1,777 दिन और 2,222 दिनों की अवधियों के लिए उपलब्ध है.
- अन्य विकल्प: बैंक ऑफ इंडिया की ‘हरित जमा योजना’ (999 दिन, न्यूनतम निवेश 1 लाख रुपये), बैंक ऑफ बड़ौदा का ‘अर्थ ग्रीन टर्म डिपॉजिट’ और केनरा बैंक की ग्रीन डिपॉजिट स्कीम भी प्रमुख हैं.
बुजुर्गों को कहां मिल रहा है एक्स्ट्रा बोनस?
सीनियर सिटीजंस के लिए कुछ बैंकों ने स्पेशल इंसेंटिव जारी किए हैं. जैसे SBI We-Care FD में 5 से 10 साल की जमा पर रेगुलर सीनियर सिटीजन रेट से भी 50 बेसिस पॉइंट्स ज्यादा ब्याज मिल रहा है. वहीं इंडियन बैंक सीनियर सिटीजन FD में 25 बेसिस पॉइंट्स और ICICI बैंक अपनी विशेष स्कीम में चुनिंदा टेन्योर्स पर 10 बेसिस पॉइंट्स का अतिरिक्त फायदा दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें: विदेशी नागरिकों के लिए भारत के वीजा और रजिस्ट्रेशन नियम बदले, जानिए अब क्या करना होगा
