रितेश देशमुख का बड़ा खुलासा, ‘राजा शिवाजी’ में कलाकारों ने मुफ्त में किया काम

Raja Shivaji: रितेश देशमुख ने खुलासा किया कि ‘राजा शिवाजी’ में कई बड़े कलाकारों ने बिना फीस लिए काम किया. फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित है और रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. इसमें सलमान खान और अभिषेक बच्चन भी नजर आए हैं.

Raja Shivaji: मराठी और हिंदी सिनेमा की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गई है. छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और संघर्ष पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है. रिलीज के शुरुआती दिनों में ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बना ली है. इसी बीच अभिनेता और फिल्ममेकर रितेश देशमुख ने फिल्म से जुड़ा एक बड़ा खुलासा किया है.

रितेश देशमुख ने बताया कि ‘राजा शिवाजी’ से जुड़े कई बड़े कलाकारों ने बिना फीस लिए फिल्म में काम किया. उनके मुताबिक, सभी कलाकारों ने इस प्रोजेक्ट को सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि मानकर किया. उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी और इतिहास को सही तरीके से पर्दे पर लाना टीम की सबसे बड़ी प्राथमिकता थी.

साढ़े तीन साल तक तैयार हुई फिल्म

रितेश ने बताया कि फिल्म की स्क्रिप्ट पर उन्होंने करीब साढ़े तीन साल तक काम किया. इस दौरान शिवाजी महाराज से जुड़ी कई किताबों और ऐतिहासिक तथ्यों का अध्ययन किया गया. उनका कहना है कि महाराज का जीवन इतना विशाल और प्रेरणादायक है कि उसे कुछ घंटों की फिल्म में समेटना आसान नहीं था.

उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म को किसी तरह के समझौते के बिना बड़े स्तर पर बनाने की कोशिश की गई. यही वजह है कि मराठी सिनेमा के साथ-साथ हिंदी दर्शकों को भी ध्यान में रखते हुए फिल्म को दो भाषाओं में रिलीज किया गया.

फिल्म में नजर आए कई बड़े सितारे

राजा शिवाजी’ में कई चर्चित कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं. सलमान खान फिल्म में जीवा महाले का किरदार निभा रहे हैं, जबकि अभिषेक बच्चन संभाजी शाहजी भोसले की भूमिका में नजर आ रहे हैं. वहीं संजय दत्त अफजल खान के किरदार में दिखाई देते हैं.

इसके अलावा फिल्म में विद्या बालन, महेश मांजरेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, सचिन खेडेकर और जिनिलिया देशमुख जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं.

जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी के बैनर तले बनी यह फिल्म 1 मई 2026 को हिंदी और मराठी भाषा में रिलीज हुई है. फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इसका कलेक्शन और बढ़ सकता है.

यह भी पढ़ें: ग्लैमर छोड़ अब स्टंट करेंगे औरी, ‘खतरों के खिलाड़ी’ में दिखेगा अलग अंदाज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pushpanjali

मेरा नाम पुष्पांजलि है और मैं पिछले दो साल से प्रभात खबर डिजिटल के साथ जुड़ी हूं. इस दौरान मैं फिल्म, टीवी और ओटीटी इंडस्ट्री से जुड़ी खबरों और ट्रेंड्स को कवर कर रही हूं. मेरा मुख्य फोकस ट्रेंडिंग अपडेट्स, फिल्म रिव्यू, और बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स पर रहता है. मैं हमेशा कोशिश करती हूं कि जटिल और तकनीकी खबरों को भी पाठकों के लिए सरल, रोचक और पठनीय अंदाज में प्रस्तुत किया जाए, ताकि वे न सिर्फ खबर को समझ सकें बल्कि उससे जुड़े भी महसूस करें.