Election Express: सुगौली संधि स्थल को पर्यटन केंद्र बनाने की उठी मांग, जनता बोली- विकास का दावा खोखला

Election Express: प्रभात खबर की इलेक्शन एक्सप्रेस टीम सुगौली विधानसभा क्षेत्र पहुंची. यहां चौपाल में स्थानीय जनता ने नेताओं से क्षेत्रीय समस्याओं पर सीधे सवाल किए. रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसे मुद्दों पर खूब सवाल किये गए. सुगौली संधि स्थल को टूरिज्म प्लेस बनाने की मांग भी उठी.

Election Express, प्रतिनिधि रामगढ़वा/सुगौली: प्रभात खबर इलेक्शन एक्सप्रेस की टीम मंगलवार को सुगौली विधानसभा क्षेत्र में पहुंची, जहां रामगढ़वा के अर्जुन सिनेमा हॉल में चौपाल का आयोजन किया गया. चौपाल में भाजपा की ओर से जिला उपाध्यक्ष हरिमोहन भगत, राजद की तरफ से विधायक के प्रतिनिधि के तौर मुकेश यादव और राजद के प्रदेश महासचिव राजीव कुमार सिंह उर्फ राजू सिंह, लोजपा आर के जिला युवा लोजपा के जिलाध्यक्ष मनप्रीत ठाकुर, जदयू के सुनील सिंह, कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष संजय पांडे व जन सुराज के अजय झा ने जनता के सवालों का सामना किया और उनका जवाब दिया.

सुगौली सन्धि की निशानी को टूरिज्म प्लेस के रूप में विकसित करने की मांग

सबसे अधिक सवाल का सामना विधायक के प्रतिनिधि से किये गये, जिसमें विधानसभा क्षेत्र में जनता से जुड़ी समस्याओं को लेकर उनसे सवाल किये गये. चौपाल में विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों ने नागरिक समस्याओं से जुड़े कई सवालों को अपने नेताओं के सामने रखा. इसमें रोजगार, शिक्षा, अस्पताल की दुर्दशा, सुगौली में यूरिया की किल्लत की समस्या के साथ-साथ सुगौली को अनुमंडल और रघुनाथपुर को प्रखंड बनाने की मांग को लेकर भी सवाल किये गये. लोगों ने कहा कि सुगौली विधानसभा क्षेत्र ऐतिहासिक जगह है, जहां सुगौली सन्धि की निशानी आज भी है. परंतु, आजतक पर्यटन स्थल के रूप में इसे विकसित नहीं किया गया है.

नेताओं ने क्या-क्या कहां

स्कूलों में शिक्षकों की कमी है, वहीं, सिंचाई की समस्या जैसे मसले को लेकर भी लोगों ने अपने सवाल नेताओं के सामने रखे. जनता के सवालों का जवाब देते हुए विधायक के प्रतिनिधि मुकेश यादव ने कहा कि बीते पांच सालों में सुगौली में विकास की बाढ़-सी आ गयी है. विकास के काम हुए हैं और जो काम बाकी है, उसको पूरा करने की प्रक्रिया चल रही है.

लोजपा व भाजपा की तरफ से मनप्रीत ठाकुर और हरिमोहन भगत उर्फ राजूभगत ने कहा कि विधायक केवल लोगों को इसी तरह समझाते हैं. वहीं, जन सुराज नेता अजय झा ने कहा कि चारों तरफ भ्रष्टाचार कायम है. जदयू नेता सुनील सिंह ने कहा कि सरकार हर वर्ग को ध्यान में रखकर काम कर रही है. कम्युनिस्ट नेता कॉमरेड राधामोहन सिंह ने त्रिवेणी कैनाल को सुचारू कराने व डिग्री कॉलेज की मांग की. चौपाल कार्यक्रम में सुगौली विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाके से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे.

सुगौली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में शामिल लोग

सुगौली विधानसभा क्षेत्र : पांच प्रमुख मुद्दे

  1. चार दशक से माधोपुर केनाल के ध्वस्त होने व उसमें पानी नहीं आने से रामगढ़वा व सुगौली की करीब 10 पंचायतों की खेती बाधित होती है.
  2. सुगौली विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़वा व सुगौली में डिग्री कालेज नहीं होने से छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए पलायन करना पड़ता है.
  3. तिलावे व सिकरहना नदी पर तटबंध नहीं होने से प्रतिवर्ष बाढ़ की समस्या झेलनी पड़ती है, जिससे हजारों एकड़ फसल बर्बाद हो जाती है.
  4. सगौली-रामगढ़वा रेलखंड में शीतलपुर का अर्धनिर्मित अंडरपास और धरमिनिया स्टेशन के पास बेला मोतिहारी पथ में समपार फाटक नहीं होने से परेशानी होती है.
  5. सुगौली विधानसभा क्षेत्र में एक भी बेहतर सरकारी अस्पताल नहीं है, जिसके कारण यहां के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार की सुविधा नहीं मिल पाती है.

बिहार चुनाव की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

सुगौली सीट का पिछला नतीजा

ई. शशि भूषण सिंह,राजद-65267
रामचंद्र सहनी, वीएसआईपी-61820
विजय प्रसाद गुप्ता,एलजेपी-14188
संत सिंह कुशवाहा,रालोसपा-6710
सदरे आलम,एआईएमएफ-3431
विनोद कुमार महतो,जेजीएचटीपी-2499
अखिलेश कुमार मिश्रा,निर्दलीय-2393
शेख अलाउद्दीन,जन संघर्ष दल-1973
नोटा-2193

इसे भी पढ़ें: बिहार के 19 जिलों में ऑरेंज और 13 जिलों में 9 अगस्त तक येलो अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Paritosh Shahi

परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.