Tesla ने आखिरकार अपनी नई Cybercab कार को बाजार में उतार दिया है. इस कार का लोग काफी समय से इंतजार कर रहे थे. Cybercab की सबसे खास बात यह है कि इसे चलाने के लिए ड्राइवर की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसमें सिर्फ दो लोग बैठ सकते हैं और कार में न तो स्टीयरिंग है, न ही पैडल. इसे बिना किसी इंसानी मदद के खुद चलने के लिए तैयार किया गया है. अब एक नए वीडियो में कार के अंदर का हिस्सा भी दिखाया गया है. आइए देखते हैं.
Tesla Cybercab को कहां लॉन्च किया गया है?
Tesla ने आखिरकार अपनी बिना ड्राइवर चलने वाली कार Cybercab को लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने 3 सितंबर 2026 को अमेरिका के ऑस्टिन, टेक्सास में एक खास इवेंट रखा था. इसमें कुछ चुनिंदा लोगों को ही बुलाया गया. खास बात यह रही कि Tesla ने इस इवेंट को टीवी या इंटरनेट पर लाइव नहीं दिखाया. इसलिए Cybercab की पहली झलक इवेंट में पहुंचे लोगों और Tesla के फैंस के बनाए वीडियो से ही सामने आई.
Cybercab को लेकर Elon Musk ने भी X पर अपनी बात बताई. उन्होंने कहा कि यह गाड़ी पहियों पर बने एक कम्फर्टेबल कमरे जैसी है. इसमें बड़ी टीवी स्क्रीन और शानदार साउंड सिस्टम भी दिया गया है. यानी Tesla चाहती है कि लोग Cybercab में सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह जाने के बजाय सफर के दौरान आराम और मनोरंजन का भी मजा ले सकें.
ये भी पढ़ें: विदेशी Tesla Cybertruck पर चढ़ा देसी रंग, रंग-बिरंगे डिजाइन से सजी EV पर लिखा- 'देखो मगर प्यार से'
Tesla Cybercab के इंटीरियर में मिलेंगे कई काम के फीचर्स
Tesla के दीवाने और कारोबारी सॉयर मेरिट (Sawyer Merritt) ने एक वीडियो शेयर किया है. इसमें Tesla की Cybercab के अंदर का पूरा नजारा देखने को मिलता है. वीडियो में Merritt कार के अंदर की चीजों को दिखाते हैं. सबसे ज्यादा ध्यान इसके बीच में लगी बड़ी स्क्रीन खींचती है. Cybercab के अंदर सिर्फ स्क्रीन से ही सारे काम नहीं करने पड़ेंगे. इसमें कई बटन भी दिए गए हैं. इनमें इमरजेंसी में कार रोकने के लिए एक खास बटन भी शामिल है. इतना ही नहीं, इमरजेंसी के समय यूज होने वाली हैजर्ड लाइट्स से भी कार को इमरजेंसी में रोका जा सकता है.
इसके अलावा कार के अंदर फोन चार्ज करने के लिए USB-C पोर्ट, शीशे ऊपर-नीचे करने के बटन और अंदर का कैमरा दिया गया है. दरवाजे खोलने के लिए भी अलग बटन मिलते हैं. खास बात यह है कि दरवाजों पर Braille में निशान भी दिए गए हैं, ताकि देखने में परेशानी वाले लोग भी इन्हें आसानी से समझ सकें.
Cybercab के अंदर मिलती है काफी जगह
मेरिट को Cybercab के अंदर बैठने के बाद सबसे अच्छी बात इसकी ज्यादा जगह लगी. वह कहते हैं कि अंदर बैठना काफी कम्फर्टेबल है और पैरों के लिए भी अच्छी जगह मिलती है. मेरिट के मुताबिक, कार के नीचे सर्विस डॉग के बैठने के लिए भी ठीक-ठाक जगह दिखाई देती है. यह उन लोगों के लिए काफी काम की बात हो सकती है, जो सफर के दौरान मदद के लिए सर्विस डॉग साथ रखते हैं.
Tesla के मुताबिक, Cybercab में सिर्फ दो लोग बैठ सकते हैं. इसमें ऊपर की तरफ खुलने वाले खास बटरफ्लाई दरवाजे दिए गए हैं. कार के अंदर एक बड़ी टचस्क्रीन मिलती है. सामान रखने के लिए भी अच्छी जगह दी गई है, जिसमें दो बड़े चेक-इन बैग और दो छोटे कैरी-ऑन बैग रखे जा सकते हैं.
Tesla Cybercab कैसे काम करता है?
Tesla ने Cybercab को चलाने और यूज करने के तरीके के बारे में एक गाइड जारी की है. इसमें बताया गया है कि लोग Robotaxi ऐप की मदद से Cybercab बुक कर सकेंगे. ऐप में गाड़ी की लोकेशन भी दिखाई देगी, जिससे पैसेंजर्स देख सकेंगे कि गाड़ी अभी कहां है और उनके पास कब तक पहुंचेगी. Cybercab के आने के बाद पैसेंजर्स ऐप से गाड़ी की डिक्की खोल सकेंगे.
गाड़ी के पास पहुंचते ही इसके दरवाजे अपने आप खुल जाएंगे. अंदर बैठने के बाद पैसेंजर्स टचस्क्रीन या ऐप की मदद से AC का टेम्परेचर, सीट और एंटरटेनमेंट जैसी चीजों को अपनी पसंद के हिसाब से सेट कर सकेंगे.
एक और काम की बात यह है कि Cybercab पैसेंजर्स की पसंद को याद रखेगी. जैसे अगर किसी पैसेंजर ने AC का कोई खास टेम्परेचर या अपनी पसंद की मीडिया सेटिंग चुनी है, तो ये डिटेल्स उसकी प्रोफाइल में सेव हो जाएगी. अगली बार Cybercab बुक करने पर इन सेटिंग्स को दोबारा सेट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
ये भी पढ़ें: BYD की फ्लैश चार्जिंग का जलवा, सिर्फ 9 मिनट में 97% चार्ज हो रही EV, जानें कंपनी का 1,500kW सिस्टम कितना खास?
