अगर आपने ध्यान दिया हो तो सड़कों पर डीजल कारें पहले के मुकाबले काफी कम दिखने लगी हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह है सरकार का ग्रीन मोबिलिटी पर जोर देना. ज्यादा प्रदूषण फैलाने के कारण डीजल गाड़ियों को धीरे-धीरे पीछे किया जा रहा है. फिर भी, डीजल कारों की जरूरत पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. जिन लोगों की रोजाना ड्राइविंग ज्यादा होती है या जो अक्सर लंबी हाईवे पर ट्रेवल करते हैं, उनके लिए डीजल कार आज भी फायदे का सौदा है, क्योंकि आमतौर पर इनकी माइलेज पेट्रोल कारों से बेहतर होती है.
बता दें कि डीजल वेरिएंट की कीमत अक्सर पेट्रोल मॉडल से ज्यादा होती है. अच्छी बात यह है कि बाजार में अब भी कुछ किफायती डीजल कारें मौजूद हैं, और Tata Altroz फिलहाल भारत की सबसे सस्ती डीजल कार मानी जाती है. यह पेट्रोल, CNG और डीजल तीनों इंजन ऑप्शन के साथ आती है. अगर आप इसे खरीदने का सोच रहे हैं, तो आइए जानते हैं इस कार में क्या खास देखने को मिलता है.
कीमत
Altroz की शुरुआती कीमत 6.30 लाख रुपये से शुरू होती है. वहीं इसकी टॉप मॉडल 10.77 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है. जो लोग डीजल वेरिएंट लेना चाहते हैं, उनके लिए इसकी कीमत 8.15 लाख रुपये से शुरू होकर Accomplished S ट्रिम के लिए 10.27 लाख रुपये तक पहुंचती है.
इंजन
- पहला 1.2 लीटर का पेट्रोल इंजन है, जो 88 PS की पावर और 115 Nm का टॉर्क देता है.
- दूसरा इसी 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन का CNG वर्जन है. इसमें कंपनी ने फैक्ट्री-फिटेड CNG किट दी है. यह 73.5 PS पावर और 103 Nm टॉर्क देता है.
- तीसरा 1.5 लीटर का डीजल इंजन है, जो 90 PS पावर और 200 Nm टॉर्क के साथ आता है.
गियरबॉक्स ऑप्शन
कंपनी ने सभी इंजन ऑप्शन्स के साथ 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स स्टैंडर्ड दिया है. अगर आप शहर की ट्रैफिक में आरामदायक ड्राइव चाहते हैं, तो 5-स्पीड AMT और ज्यादा स्मूद फील के लिए 6-स्पीड DCT का ऑप्शन भी मौजूद है. हालांकि, डीजल वेरिएंट लेने वालों के लिए सिर्फ 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स ही मिलता है.
माइलेज
कंपनी के मुताबिक यह कार 23.64 kmpl तक की माइलेज देती है. यानी लंबी दूरी के सफर में भी बार-बार फ्यूल भरवाने की चिंता कम रहती है. खासकर जो लोग रोजाना ज्यादा ड्राइव करते हैं, उनके लिए यह एक किफायती और भरोसेमंद ऑप्शन है.
फीचर्स और सेफ्टी
इसमें 10.25-इंच का बड़ा टचस्क्रीन मिलता है, जो Apple CarPlay और Android Auto सपोर्ट करता है. इसके साथ 7-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वॉइस कमांड वाला सनरूफ, वायरलेस मोबाइल चार्जर और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स इसे और भी प्रीमियम फील देते हैं. Global NCAP जैसे अंतरराष्ट्रीय क्रैश टेस्ट में इस कार को 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली हुई है.
यह भी पढ़ें: Tata Altroz का CNG AMT वर्जन हुआ लॉन्च, प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में आया नया ऑप्शन
