भारत का ऑटोमोबाइल बाजार फिलहाल SUV के दबदबे में है. FY26 में कुल 26.7 लाख SUV बिकीं, जो पैसेंजर व्हीकल मार्केट का लगभग 57% हिस्सा है. इसके बावजूद एक सेडान ने इतिहास रच दिया. Maruti Suzuki Dzire ने 2,29,130 यूनिट्स की बिक्री के साथ न सिर्फ अपनी श्रेणी में बल्कि पूरे देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली कार का खिताब हासिल किया. यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 38.85% ज्यादा है और किसी भी कार के लिए भारत में अब तक का सबसे बड़ा वार्षिक बिक्री रिकॉर्ड है.
बिक्री में ऐतिहासिक उछाल
Dzire ने FY26 में कुल कार बिक्री का 4.87% हिस्सा अकेले अपने नाम किया. कॉम्पैक्ट सेडान सेगमेंट में इसकी हिस्सेदारी 67% रही, जबकि पूरे सेडान बाजार में यह 57% हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे रही.
किफायती कीमत और बेहतर माइलेज
Dzire की सबसे बड़ी ताकत इसकी कीमत और ईंधन दक्षता है. 6.25 लाख रुपये से 9.31 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की रेंज में आने वाली यह कार आम खरीदारों के लिए सुलभ है. पेट्रोल वेरिएंट 24.79 km/l से 25.71 km/l तक का माइलेज देता है, जबकि CNG वेरिएंट 33.73 km/kg तक की फ्यूल एफिशिएंसी ऑफर करता है.
सुरक्षा और फीचर्स
Dzire ने Global NCAP और Bharat NCAP दोनों में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है. इसमें छह एयरबैग, ESP, ABS, हिल-होल्ड असिस्ट और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स दिये गए हैं. साथ ही LED हेडलैम्प्स, 9-इंच टचस्क्रीन, वायरलेस CarPlay/Android Auto, क्रूज कंट्रोल और इलेक्ट्रिक सनरूफ जैसी सुविधाएं इसे और आकर्षक बनाती हैं.
भरोसेमंद और सर्विस नेटवर्क
Maruti Suzuki की सबसे बड़ी ताकत उसका व्यापक सर्विस नेटवर्क है. कंपनी के 5,926 टचप्वाइंट्स अब 3,000 शहरों और कस्बों में मौजूद हैं. यही कारण है कि Dzire न सिर्फ व्यक्तिगत ग्राहकों बल्कि टैक्सी और फ्लीट ऑपरेटरों के बीच भी बेहद लोकप्रिय है.
यह भी पढ़ें: Alto से Brezza तक सस्ती हुई Maruti कारें, जानें किस पर कितना फायदा
